

सिवनी मालवा / जन्मदिवस को समाज और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी से जोड़ते हुए सक्रिय समाजसेवी एवं पत्रकार राजू राठौर ने मुख्य बाजार स्थित नगर पालिका सुलभ कॉम्प्लेक्स परिसर में पौधारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए नागरिकों से अपने जन्मदिन एवं अन्य विशेष अवसरों पर पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष रितेश (रिंकू) जैन, वरिष्ठ पत्रकार नंदकिशोर व्यास, के.के. यदुवंशी, राम शर्मा, रामशंकर दुबे, पार्षद प्रतिनिधि दीपक दीक्षित सहित पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने वृक्षारोपण कर हरित एवं स्वच्छ सिवनी मालवा के निर्माण का संकल्प लिया।
पर्यावरण संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता – रितेश (रिंकू) जैन….
नगर पालिका अध्यक्ष रितेश (रिंकू) जैन ने कहा कि “वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा ही नहीं करते, बल्कि मानव जीवन के अस्तित्व का आधार भी हैं। यदि प्रत्येक नागरिक अपने जन्मदिन पर एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो हमारा शहर और प्रदेश अधिक हरित एवं स्वच्छ बन सकता है। राजू राठौर द्वारा जन्मदिवस पर की गई यह पहल समाज के लिए अनुकरणीय और प्रेरणादायी है।”
एक पेड़, एक जिंदगी के समान है – राजू राठौर….
समाजसेवी एवं पत्रकार राजू राठौर ने कहा कि “एक पेड़, एक जिंदगी के समान है। जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों को केवल उत्सव तक सीमित रखने के बजाय उन्हें प्रकृति और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का माध्यम बनाना चाहिए। यदि हर व्यक्ति अपने जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों पर पौधारोपण करे और उसकी देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ पर्यावरण की अमूल्य सौगात मिल सकती है।”
वृक्षारोपण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान….
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने, पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने तथा पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया। सभी ने राजू राठौर को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

