नर्मदापुरम / इटारसी निवासी अखिल भारत हिन्दू महासभा मध्य प्रदेश महामंत्री कन्हैयालाल रैकवार ने एक प्रेस नोट जारी किया जिसमें कहा कि कुछ असामाजिक एवं शरारती तत्व अखिल भारत हिन्दू महासभा का नाम और पदाधिकारियों का नाम गलत तरीके से उपयोग कर भ्रामक एवं फर्जी समाचार प्रसारित करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोगों का संगठन से कोई संबंध नहीं है।
इस संबंध में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत प्रस्तुत की जा चुकी है तथा थाना इटारसी में भी विधिवत शिकायत दर्ज कराई गई है, जिस पर पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।
अतः आप सभी पत्रकार बंधुओं से विनम्र अनुरोध है कि अखिल भारत हिन्दू महासभा से संबंधित किसी भी समाचार, प्रेस विज्ञप्ति या जानकारी को प्रकाशित अथवा प्रसारित करने से पूर्व मुझसे या संगठन के अधिकृत पदाधिकारी से सत्यापन अवश्य कर लें। बिना पुष्टि के किसी भी प्रकार की भ्रामक या अप्रमाणित खबर प्रकाशित न करें, जिससे समाज में भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो। आप सभी से अपेक्षा है कि सदैव सत्य, निष्पक्ष एवं प्रमाणिक पत्रकारिता का परिचय देते हुए संगठन की अधिकृत जानकारी को ही प्राथमिकता देंगे।

