
नर्मदापुरम / मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख द्वारा गुरुवार को जनसुनवाई की गई। इस दौरान उन्होंने 15 आवेदनों पर सुनवाई करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जो भी शिकायतें आती हैं उनका संतुष्टिपूर्ण समाधान करें एवं की गई कार्रवाई से अवगत कराएं।
कार्यालय अधीक्षक योगेश सोनी ने बताया कि नपाध्यक्ष नीतू यादव एवं सीएमओ वैभव देशमुख के निर्देशन में आज नगरपालिका कार्यालय में जनसुनवाई की गई। जिसमें 15 से अधिक समस्याएं आई और उनका उचित समाधान करने के सीएमओ द्वारा निर्देश जारी किए गए।
जनसुनवाई के दौरान फेफरताल स्थित एक कालोनी के गेट पर वाहन धुलाई करने से लोगों को समस्या आ रही है। जिस पर सीएमओ वैभव देशमुख द्वारा स्वच्छता निरीक्षक अनुराग तिवारी को संबंधित को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा वार्ड 11 की महिलाओं द्वारा सड़क एवं नाली निर्माण की शिकायत की गई। जिस पर सीएमओ श्री देशमुख द्वारा उपयंत्री रीना गुप्ता को समस्या का समाधान करने हेतु जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही जनसुनवाई में पीएम आवास, अतिक्रमण, राशन कार्ड समर्पण सहित अन्य समस्याएं आई जिनका तत्काल समाधान किया गया।
विगत जनसुनवाई में अपनी समस्याएं लेकर महिमा नगर के निवासियों ने नपाध्यक्ष नीतू यादव एवं सीएमओ वैभव देशमुख का आभार माना। उन्होंने बताया कि अब हमारे क्षेत्र की नाली सफाई और कचरा वाहन समय पर पहुंचा रहा है।

