
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा / पेड़ हमारे लिए जीवनदायिनी है, पेड़ है तो हम सब का जीवन सुरक्षित है हम सब पेड़ो पर निर्भर है पेड़ नही होंगे तो हमारा जीवन नही रहेगा। उक्त बात जिला एवं अपर न्यायाधीश श्रीमती तबस्सुम खान ने वन विभाग द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित विधिक जागरूकता शिविर में पौधरोपण के अवसर पर वन विभाग परिसर में कही। न्यायाधीश श्रीमती खान ने कहा कि आज वातावरण में जो असमानता फैल रही है वह हमारे द्वारा ही पैदा की जा रही है। इंसान अपने स्वार्थ के लिए बेतहाशा पेड़ो को काट रहे है। हम इंसान भूल गये है कि पेड़ रहेंगे तो प्रकृति जीवित रहेगी। प्रकृति रहेगी तो मानव जीवन रहेगा। आज पेड़ो की कटाई करके हम प्रकृति के साथ खिलवाड़ कर रहे है तो प्रकृति भी हमारे साथ खिलवाड़ कर रही है। प्रकृति का संतुलन हम अपने हाथों से बिगाड़ रहे है। न्यायाधीश श्रीमती खान ने आगे कहा कि कानून में इसके लिए प्रावधान है। वन अधिनियम के तहत कार्यवाही की जाकर हम अपनी प्रकृति के बिगड़ते संतुलन को सुधार सकते है। इसके लिए वन विभाग को पेड़ो की अवैध कटाई के लिए वन अधिनियम में पूरा अधिकार प्राप्त है। जिसके आधार पर न्यायालय में आने वाले प्रकरणो पर न्यायोचित कार्यवाही की जाती है। उन्होंने विश्व पर्यावरण के अवसर पर वन विभाग परिसर में पौधरोपण किये। इस अवसर पर वन विभाग के एस डी ओ अनिल विश्वकर्मा, रेंजर ज्ञानसिंह पवार, उपवन क्षेत्रपाल मुकेश पटेल, वनरक्षक गण एवं वन विभाग के अधिकारी कर्मचारी गण उपस्थित रहे।

