
इटारसी / महिला एवं बाल विकास विभाग इटारसी के सहयोग से CIMS कॅरियर हॉस्पिटल द्वारा “स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान” के अंतर्गत निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन 03 जनवरी 2026 को त्रिशला नंदन गार्डन, पुरानी इटारसी में किया जा रहा है। शिविर में महिलाओं एवं बालिकाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा तथा सामान्य रोगों का उपचार पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध रहेगा। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा परामर्श, जांच एवं उपचार किया जाएगा। इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में वरिष्ठ कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. विजय कुमार गुप्ता, हेड एंड नेक/ओरल कैंसर सर्जन डॉ. अनिकेत चौहान, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. नीलेश बनसोडे, मेडिकल ऑनकोलॉजिस्ट डॉ. अनुपम मालवीय, मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. प्रफुल्ल परमारथ एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सरिता अग्रवाल के साथ CIMS कॅरियर हॉस्पिटल की अनुभवी डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की टीम उपस्थित रहेगी। इस अवसर पर पार्षद अमृता मनीष ठाकुर ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि महिलाएं एवं बेटियां अधिक से अधिक संख्या में शिविर में उपस्थित होकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराएं तथा निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लें। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार और सशक्त समाज की नींव है। आयोजकों ने नगरवासियों से आग्रह किया है कि इस जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

