नर्मदापुरम / नव वर्ष के नाम पर हुड़दंग करने वालों अथवा शराब पीने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी।
ढाबों होटलों और नए वर्ष के स्वागत हेतु लोगों के समूह में एकत्रित होने के स्थलों, पिकनिक पॉइंट, धार्मिक स्थल और पर्यटन स्थलों पर पुलिस की उपस्थिति और पेट्रोलिंग बनी रहेगी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों की ब्रीथ एनालाइजर से चेकिंग की जाएगी और उनका वाहन जप्त कर अन्य साधन से घर भेजा जाएगा इनका प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा जहां पर न्यूनतम 10 हजार रुपए जुर्माने का प्रावधान है।
सड़क पर केक काटने, मार्ग अवरुद्ध करने, चलते वाहन की छत या बोनट से शरीर को निकाल कर नाचना या वीडियो बनाना, ट्रिपल राइडिंग, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना, बिना लाइसेंस वाहन चलाना, अत्यधिक ध्वनि, मोडिफाइड साइलेंसर, सार्वजनिक स्थान पर शांति भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी और इनका ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त कराने की कार्यवाही की जायेगी। नर्मदापुरम शहर में कोतवाली देहात और यातायात पुलिस द्वारा लगातार तीन दिनों तक विभिन्न छह स्थानों पर चेकिंग की जाएगी जिसका चेकिंग स्थान रात में ही कुछ समय चेकिंग उपरांत परिवर्तित होता रहेगा। यही प्रक्रिया जिले के सभी थानों में विभिन्न स्थानों पर होगी। नर्मदापुरम पुलिस ने शांतिपूर्ण, मर्यादापूर्ण तरीके से नव वर्ष के अवसर का आनंद लेने, दुर्घटना मुक्त कार्यक्रम मनाने और व्यवस्था में सहयोग की अपील की है

