
नर्मदापुरम / बेंगलुरु में भारत सरकार की महिला सशक्तिकरण संबंधी संसदीय स्थायी समिति के अध्ययन दौरे के द्वितीय दिवस के प्रथम सत्र में रेलवे पीएसयू के साथ “सीएसआर के माध्यम से महिला सशक्तिकरण” विषय पर विस्तार से चर्चा हुई। इस सत्र में राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने सक्रिय सहभागिता करते हुए महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखे। द्वितीय सत्र में सीएसआईआर-एनएएल, सीएफटीआरआई, आईआईए, जेएनसीएएसआर, आरआरआई, आईटीआई एवं कॉफी बोर्ड के प्रतिनिधियों के साथ बेंगलुरु में कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न से संरक्षण (पॉश) अधिनियम, 2013 के प्रभावी कार्यान्वयन पर विस्तृत विमर्श किया गया। बैठक में अधिनियम के अनुपालन, आंतरिक शिकायत समितियों की भूमिका और जागरूकता कार्यक्रमों पर विशेष जोर दिया गया। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष श्रीमती दग्गुबाती पुरंदेश्वरी ने की। उन्होंने सभी संस्थानों से महिलाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और सशक्त कार्य परिवेश सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

