
नर्मदापुरम / बेंगलुरु में भारत सरकार की महिला सशक्तिकरण संसदीय समिति की सदस्य एवं राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने समिति के बेंगलुरु अध्ययन दौरे के दौरान विश्व प्रसिद्ध आईटी कंपनी इंफोसिस के विशाल परिसर का भ्रमण किया। यह दौरा समिति की सदस्य और राज्यसभा सांसद माननीय श्रीमती सुधा मूर्ति के निमंत्रण पर आयोजित किया गया। करीब 500 एकड़ में फैले इंफोसिस परिसर में श्रीमती नारोलिया ने कंपनी के विभिन्न विभागों का अवलोकन किया और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं के लिए कौशल विकास, रोजगार सृजन और नेतृत्व विकास से जुड़े कार्यक्रमों में गहरी रुचि दिखाई। श्रीमती सुधा मूर्ति ने इंफोसिस द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों, नवाचारों और महिला उत्थान से जुड़ी पहलों की विस्तार से जानकारी दी। सांसद माया नारोलिया ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में इंफोसिस के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पहलें समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

