
नर्मदापुरम / पीएमश्री शासकीय हाई स्कूल ग्वालटोली में आज विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण, राष्ट्रप्रेम एवं उज्ज्वल भविष्य को सशक्त बनाने के उद्देश्य से वीर बाल दिवस तथा करियर काउंसलिंग एवं रोज़गार मार्गदर्शन कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को बताया गया कि वीर बाल दिवस साहिबज़ादों बाबा जोरावर सिंह एवं बाबा फतेह सिंह के अद्वितीय साहस, धर्मनिष्ठा एवं बलिदान की स्मृति में मनाया जाता है, ताकि बालमन में साहस, सत्य, त्याग और देशभक्ति जैसे मूल्य विकसित हो सकें। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति नृत्य एवं कविता गायन जैसी प्रभावशाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। साथ ही विद्यार्थियों को फ़िल्म “चार साहिबज़ादे” दिखाकर वीरता, आत्मबल और नैतिक मूल्यों का सशक्त संदेश दिया गया। साथ ही रोज़गार कार्यालय के सहयोग से आयोजित करियर काउंसलिंग कार्यक्रम में फ़िल्म “12th Fail” के माध्यम से विद्यार्थियों को संघर्ष, अनुशासन और निरंतर प्रयास का महत्व समझाया गया। इसके अतिरिक्त आईएएस दिव्या तनवार की प्रेरणादायी सफलता कथा प्रस्तुत कर प्रशासनिक सेवाओं सहित उच्च करियर लक्ष्यों के प्रति विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि श्रीमती रजनी यादव एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. मयंक तोमर (ब्रॉड एम्बेसडर राष्ट्रीय साक्षरता मिशन) की गरिमामयी उपस्थिति रही। काउंसलर्स के रूप में श्रीमती शिवानी नागले, श्रीमती स्वाति गुप्ता, डॉ. मयंक तोमर एवं जितेंद्र राजपुरोहित तथा रोज़गार कार्यालय से अनुपम तिवारी द्वारा विद्यार्थियों को करियर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं, कौशल विकास एवं रोजगार अवसरों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन प्रभारी प्राचार्य श्रीमती आशा मंडले द्वारा किया गया। आयोजन के दौरान वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती प्रभा यादव, श्रीमती ज्योति वर्मा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती शक्ति गौर द्वारा किया गया। यह संयुक्त आयोजन विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रप्रेम, नैतिक मूल्यों, प्रेरणा, मार्गदर्शन एवं आत्मनिर्भर भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सार्थक पहल सिद्ध हुआ।

