

नर्मदापुरम / विगत दिवस नर्मदा माटी के तिलक व्यक्तित्व वरिष्ठ रचनाकार तेजेश्वर प्रसाद मिश्र के आत्मकथ्य पर आधारित नर्मदापुरम् कला जगत का लोकप्रिय कार्यक्रम ‘किस्सागोई,’श्री दादा कुटी, जुमेराती नर्मदापुरम् में आयोजित किया गया। पंडित निमिष परसाई के स्वस्ति वाचन से आरंभ कार्यक्रम के केंद्र श्री तेजेश्वर प्रसाद मिश्र, सारस्वत अतिथि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पंडित भवानी शंकर शर्मा, समाजसेवी राकेश फौजदार, वरिष्ठ अधिवक्ता एस. एस. ठाकुर, वरिष्ठ कवि पंडित गिरिमोहन गुरु, डॉ. पंडित गोपाल प्रसाद खड्डर, गोपीकांत घोष, जगदीश वाजपेयी, वरिष्ठ गायक ओमप्रकाश शर्मा का संस्था सदस्यों ने पुष्पाहार द्वारा स्वागत किया।
तदुपरांत संस्था सचिव डॉ. नमन तिवारी ने संक्षिप्त प्रतिवेदन प्रस्तुत कर नर्मदापुरम् कला जगत की 2010 से 2025 तक की उल्लेखनीय गतिविधियों पर प्रकाश डाला। सूत्रधार डॉ. संतोष व्यास ने तेजेश्वर प्रसाद मिश्र की जीवन यात्रा से संबंधित और संदर्भित प्रसंगों के विषय पर चर्चा कर जिज्ञासा प्रकट की । श्री मिश्र ने प्रश्नों के उत्तर रोचक और खुलेपन के साथ सबके सम्मुख रखे। विभिन्न विधाओं से जुड़े श्री मिश्र ने साहित्य, समाजसेवा, खेल, कला के साथ धूनी वाले दादा के सान्निध्य संबंधी अपने अनेक संस्मरणों और अनुभवों को श्रोताओं के साथ साझा किया। आपने बताया कि अपने जीवन में सौभाग्य से बड़े-बड़े महापुरुषों का सान्निध्य और प्रकारांतर से आशीष मिला। मिश्र जी के परिजन जिनमें महात्मा गांधी, मोतीलाल नेहरू, मेजर ध्यानचंद, पंडित भवानी प्रसाद मिश्र जैसी विभूतियों के संपर्क में रहे। प्रख्यात संत खंडवा के धूनी वाले दादा का प्रवास उल्लेखनीय है। वर्तमान में भी दादा गुरु का आशीर्वाद आपको प्राप्त है। सारस्वत उद्बोधन में पंडित भवानी शंकर शर्मा ने अपने सहपाठी मित्र श्री तेजेश्वर प्रसाद मिश्र के कॉलेज के दिनों के रोचक संस्मरण सुनाते हुए उन्हें गृहस्थ संत के रूप में पारिभाषित किया और आयोजन की नर्मदापुरम कला जगत के प्रयासों की सराहना की। वरिष्ठ पत्रकार पंकज पटेरिया ने कार्यक्रम के आयोजन की सार्थकता पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि परिजनों के बीच आयोजनों से समाज की मंगला शक्ति का जागरण होता है। कार्यक्रम के अंत में नर्मदापुरम् कला जगत के मनोज परसाई, राकेश दुबे, राजेश कुलश्रेष्ठ, स्वप्निल छेनिया, अर्कजीत सिंह चड्ढा द्वारा स्मृति चिह्न भेंट किया गया। कार्यक्रम में पूर्व जनपद अध्यक्ष श्रीमती संगीता सोलंकी, प्रदीप दुबे ’दीप’, पंडित नीरजेश त्रिपाठी, पंडित सुनील चौरे, पंडित राम परसाई, रामरतन सोनी, मुकेश ठाकुर, बलराम शर्मा, डॉ. विजय महंत, बाबूलाल कदम, खेमचंद यादवेश, सुभाष यादव ‘भारती’, महेश मूलचंदानी, डी. एस. दाँगी, अमित गुप्ता, डॉ. अंजली मिश्र गुप्ता, सुश्री श्रावणी तिवारी, श्रीमती गुरप्रीत सिंह आदि नगर के प्रबुद्ध जन तथा पारिवारिक सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में विजय पालीवाल ने उपस्थित सभी का आभार व्यक्त किया।

