

इटारसी / नगर में आज अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सचिव एवं मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सह प्रभारी उषा नायडू एवं मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता मानक अग्रवाल का इटारसी नगर आगमन हुआ जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय एवं जिला कांग्रेस कमेटी नर्मदापुरम के प्रभारी ओम पटेल द्वारा दोनों वरिष्ठ नेताओं का जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से गुलदस्ता भेंटकर स्वागत किया गया। सर्वप्रथम प्रातः 11 बजे जिला कांग्रेस कमेटी की समन्वय समिति की बैठक का आयोजन एक्सप्रेस 11 में किया गया। तत्पश्चात प्रदेश सह प्रभारी उषा नायडू ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता मानक अग्रवाल की उपस्थिति में जिला कांग्रेस कार्यालय में S.I.R मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को लेकर समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें जिले से भारी संख्या में कांग्रेसजनों की उपस्थिति रही। आज इटारसी शहर पूर्ण रूप से कांग्रेस मय नजर आया। इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सचिव एवं मध्य प्रदेश की प्रभारी उषा नायडू ने नर्मदापुरम जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सभी को एक साथ मिलकर काम करना है। आने वाले समय में चारों विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस का परचम लहराना है। आगे उन्होंने कहा कि जिन भी कांग्रेस जनों को किसी प्रकार की शिकायत है तो वह पार्टी फोरम में दर्ज करा सकते हैं।सार्वजनिक रूप से किसी भी शिकायत को सोशल मीडिया के माध्यम से ना उठाएं, अनुशासन बनाए रखें। अनुशासनहीनता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी, अनुशासनहीनता करने वालों पर पार्टी कड़ी कार्यवाही करेगी। आगे उन्होंने सभी नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष एवं नगर अध्यक्ष को शुभकामनाएं दी। मध्य प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मानक अग्रवाल ने कांग्रेस जनों को संबोधित करते हुए कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय के नेतृत्व में आज कार्यकर्ताओं का उत्साह देखकर ऐसा लगता है कि चारों विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की जीत अब सुनिश्चित है और मध्य प्रदेश में 2028 में कांग्रेस की सरकार बनना तय है । सभा को जिला कांग्रेस प्रभारी ओम पटेल एवं जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल रैकवार एवं आभार प्रदर्शन नगर कांग्रेस कमेटी इटारसी के अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने किया।

