
नर्मदापुरम / गुरूवार दिनांक 18.12.2025 को दोपहर 2 बजे सरस्वती शिशु मंदिर मालाखेड़ी रोड में एवं सायं 4 बजे शासकीय कन्या उ. मा. वि. में ग्राहक जागरण पखवाड़े के तहत अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत नर्मदापुरम द्वारा कार्यक्रम का आयोजन प्रांत उपाध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव की गरिमामय उपस्थिति में किया गया। उक्त दोनो ही कार्यक्रम में श्री श्रीवास्तव द्वारा ग्राहक पंचायत का परिचय देते हुये बताया कि अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की स्थापना वर्ष 1974 में की गई थी। विगत 50 वर्षों से ग्राहक पंचायत ग्राहक जागरण, ग्राहक प्रबोधन, मार्गदर्शन और ग्राहकों को संगठित करके ग्राहक के हित व संरक्षण के लिये सतत संघर्षरत है। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत बिना किसी शासकीय सहायता की अपेक्षा किये विशुद्ध समाज आश्रित और सेवाभावी कार्यकर्ताओं का राष्ट्रवादी संगठन है। उन्होने बताया कि उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 1986 एवं 2019 को पारित करवाना, रियल स्टेट विनिमय और विकास अधिनियम 2016 पारित करवाना तथा 24 दिसम्बर को राष्ट्रीय ग्राहक दिवस घोषित करवाना जैसी कुछ उपलब्ध्यिां ग्राहक पंचायत की जागरूकता एवं सक्रियता के कारण संभव हो सकी हैं। इसके साथ ही उन्होने एम.आर.पी. नीति, खरीददारी में सजगता तथा उपभोक्तावाद के खतरे के बारे में भी स्कूल के बच्चों एवं शिक्षक शिक्षिकाओं को सजग किया तथा स्कूल के बच्चों एवं स्टाफ को ग्राहक जागरण पत्रक वितरित किये गये। कार्यक्रम में सरस्वती शिशु मंदिर के प्राचार्य शुभम चौहान, कन्या उ. मा. वि. की प्राचार्य श्रीमती अर्चना मिश्रा एवं स्कूल स्टाफ के साथ ही ग्राहक पंचायत नर्मदापुरम के अध्यक्ष माधव हर्णे, सचिव अजय वर्मा, सहसचिव अजय निगम तथा भूपेन्द्र वर्मा, केशव सिंह चैहान, जितेन्द्र कौशिक अधिवक्तागण उपस्थित थे।

