
नर्मदापुरम / नपाध्यक्ष नीतू यादव के नेतृत्व में विकास कार्य तो चल रहे हैं। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के मामले में नगरपालिका नर्मदापुरम् सबसे आगे है। इस मुख्य उदाहरण फेफरताल का तालाब है। करीब 81 लाख की लागत से फेफरताल तालाब का जीर्णोद्वार एवं सौंदर्यीकरण का कार्य किया जा रहा है। कार्य प्रभारी आयुषी रिछारिया ने बताया कि नपाध्यक्ष नीतू यादव एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले के निर्देश पर नगर में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। मंगलवार को फेफरताल तालाब में बन रही पिचिंग निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। साथ ही निर्माण एजेंसी को गुणवत्तापूर्व एवं समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान वार्ड 25 के पार्षद दुर्गेश चौधरी भी उपस्थित रहे। नपाध्यक्ष नीतू यादव ने बताया कि यह हमारी प्राचीन जलस्रोत धरोहर है। इसका संरक्षण करना हम सबकी जिम्मेदारी है। तालाब की पिचिंग निर्माण से वर्षा जल का रिसाव बंद हो जाएगा जिससे तालाब में वर्ष भर पानी भरा रहेगा। यह पर्यावरण संरक्षण में एक अहम पहल है। इससे न केवल आसपास के क्षेत्रों का भूमिगत जल स्तर बढ़ेगा, बल्कि यहां जैव विविधता भी देखने को मिलेगी।

