सिवनी मालवा / शासकीय विधि महाविद्यालय की विधिक सहायता प्रकोष्ठ द्वारा महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. कल्पना भारद्वाज के मार्गदर्शन में दिनांक 16 दिसंबर 2025 को शासकीय कन्या महाविद्यालय, सिवनी-मालवा में “साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल अधिकार” विषय पर एक दिवसीय विधिक जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता शासकीय कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. उमेश धुर्वे ने की। जागरूकता शिविर का नेतृत्व छात्र समन्वयक शिवम यादव ने किया। उनके साथ विधि के छात्र पुष्पक शर्मा एवं विशाल मंडलोई उपस्थित रहे। टीम द्वारा छात्राओं को साइबर सुरक्षा, साइबर अपराध के प्रकार (जैसे—फिशिंग, ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया दुरुपयोग), डिजिटल निजता, डेटा संरक्षण तथा डिजिटल अधिकारों से संबंधित प्रासंगिक कानूनों एवं उपलब्ध कानूनी उपचारों के बारे में विस्तृत एवं सरल भाषा में जानकारी प्रदान की गई। साथ ही साइबर अपराध की स्थिति में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया, हेल्पलाइन एवं सावधानियों पर भी प्रकाश डाला गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाना, छात्राओं को उनके डिजिटल अधिकारों एवं कर्तव्यों से अवगत कराना तथा उन्हें आत्मनिर्भर एवं सजग डिजिटल नागरिक बनाना था। कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। अंत में आयोजकों ने महाविद्यालय प्रशासन एवं प्रतिभागी छात्राओं का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे उपयोगी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

