

नर्मदापुरम / नर्मदापुरम शहर के प्रतिष्ठित नर्मदारंगम राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव (दशम् वर्ष) 28 दिसंबर से 30 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन नर्मदा महाविद्यालय, नर्मदापुरम के ऑडिटोरियम में प्रतिदिन सायं 7 बजे से होगा। संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार नई दिल्ली के सहयोग एवं साथी जनशिक्षण एवं संस्कृति समिति द्वारा आयोजित इस महोत्सव में देश के प्रतिष्ठित कला एवं नाट्य समूहों द्वारा नाटक, लोक नृत्य, शास्त्रीय नृत्य एवं गायन की प्रस्तुति दी जाएगी। नाट्य महोत्सव के संस्थापक सदस्य एवं निदेशक रत्नेश साहू ने बताया कि दिनांक 28 दिसंबर 2025 दिन रविवार को समारोह के शुभारंभ में दीप प्रज्जवलन के उपरांत पूर्व रंग में त्रिदेवाशीष नृत्य एवं नाट्य एकादमी लखनऊ द्वारा गणेश वंदना एवं लोक नृत्य घूमर की प्रस्तुति दी जाएगी एवं रंग प्रयोगशाला मप्र नाट्य विद्यालय भोपाल द्वारा नाटक एक थी चिडी की प्रस्तुति दी जाएगी। जिसका निर्देशन एवं संगीत श्री संजय उपाध्याय द्वारा किया गया है। 29 दिसंबर 2025 दिन सोमवार को पूर्व रंग में त्रिदेवाशीष नृत्य एवं नाट्य एकादमी लखनऊ के कलाकारों द्वारा देवी स्तुति एवं नृत्य नाटिका श्री रामलीला का मंचन किया जाएगा। जिसका निर्देशन सुश्री तनुजा ओली सनवाल ने किया है। इसके उपरांत डॉ. नमन तिवारी नर्मदापुरम द्वारा देशज गायन की प्रस्तुति दी जाएगी एवं साथी जनशिक्षण एवं संस्कृति नर्मदापुरम द्वारा मुंशी प्रेमचंद की कहानी बडे भाई साहब पर आधारित नाटक का मंचन किया जाएगा। जिसका निर्देशन रत्नेश साहू ने किया है। दिनांक 30 दिसंबर 2025 दिन मंगलवार को मंगलवार को नाट्य समारोह के समापन अवसर पर पूर्व रंग में त्रिदेवाशीष नृत्य एवं नाट्य अकादमी लखनऊ द्वारा शिव वंदना एवं उत्तराखंड लोक नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी एवं द राइजिंग सोसायटी ऑफ आर्ट एंड कल्चर द्वारा नाटक मजनू लाउंसमेंट का मंचन किया जाएगा। तारा पांचाल की कहानी पर आधारित इस नाटक में संगीत विकास सिरमोलिया ने दिया है एवं नाट्य रूपांतरण, गीत एवं निर्देशन कुलदीप कुनाल का है तथा मार्गदर्शन श्रीमती प्रीति झा तिवारी द्वारा दिया गया है। पत्रकार वार्ता में संस्था से रत्नेश साहू एवं डॉ. नमन तिवारी द्वारा जानकारी दी गई।

