
सिवनी मालवा / तवा नहर संभाग सिवनी मालवा द्वारा क्षेत्र में सुव्यवस्थित एवं प्रभावी सिंचाई प्रबंधन सुनिश्चित किया जा रहा है। इस संबंध में जानकारी देते हुए कार्यपालन यंत्री राज्यश्री कटारे ने बताया कि तवा नहर प्रणाली के अंतर्गत लगभग 670 किलोमीटर लंबी नहरों का संचालन किया जा रहा है, जिसमें मुख्य नहरें, माइनर तथा वितरण नहरें शामिल हैं। इन नहरों के माध्यम से सिवनी मालवा सहित आसपास के क्षेत्रों में किसानों के खेतों तक समय पर सिंचाई जल पहुंचाया जा रहा है। कार्यपालन यंत्री राजश्री कटारे ने बताया कि रबी मौसम में लगभग 59,936 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे विभागीय अमले द्वारा सतत निगरानी एवं समन्वय से सफलतापूर्वक पूरा किया जा रहा है। नहरों के अनुरक्षण, मरम्मत एवं जल प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि अंतिम छोर के किसानों तक भी पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध हो सके। उन्होंने आगे बताया कि कई वर्षों बाद ग्रीष्मकालीन फसल मूंग के लिए भी सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इससे किसानों को अल्प अवधि की लाभकारी फसल लेने का अवसर मिला है, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी और क्षेत्र की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। राजश्री कटारे ने किसानों को राज्य सरकार द्वारा दी जा रही राहत की जानकारी देते हुए कहा कि जल कर पर लगने वाले ब्याज में छूट की योजना लागू है। यदि किसान समय पर जल कर का भुगतान करते हैं तो उन्हें 13 प्रतिशत तक ब्याज में छूट का लाभ मिलेगा। यह सुविधा 31 मार्च 2026 तक प्रभावी रहेगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे निर्धारित समय सीमा में जल कर जमा कर शासन की इस योजना का अधिकतम लाभ उठाएं। कार्यपालन यंत्री ने कहा कि तवा नहर संभाग का निरंतर प्रयास है कि किसानों को पर्याप्त, समयबद्ध और न्यायसंगत रूप से सिंचाई जल उपलब्ध कराया जाए, जिससे फसल उत्पादन बढ़े और किसान समृद्ध हों।

