

नर्मदापुरम / मध्य प्रदेश का एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी अपने नैसर्गिक एवं प्राकृतिक सौंदर्य में सरावोर है। शीतकाल प्रारंभ होते ही पर्यटकों के आगमन में वृद्धि हो गयी है। मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा विगत वर्ष चालू की गई नई इकाई नीलांबर स्काईलाइन पर्यटकों की पहली पसंद बनी हुई है। दिसंबर 2024 में प्रदेश के मुखिया माननीय मुख्यमंत्री महोदय द्वारा नीलांबर स्काईलाइन का उद्घाटन किया गया। इसके बाद से ही इकाई ने अतिथियों को उत्तम सेवाएं प्रदान कर नए आयाम स्थापित किए। पहाड़ी चोटी पर स्थापित नीलांबर स्काईलाइन से चारों ओर का मनोरम एवं अविस्मरणी नजारे दिखाई देते हैं। इकाई प्रबंधक अनिल राय द्वारा बताया गया कि इकाई को अतिथियों का अच्छा रिस्पांस प्राप्त हो रहा है व वर्तमान में इकाई की बुकिंग फुल हो चुकी है। अतिथियों को उत्तम सेवाएं प्रदान करने के साथ सुखद अनुभव हेतु प्रति सप्ताह शनिवार और रविवार संगीत में संध्या का आयोजन किया जा रहा है। पर्यटन निगम के प्रबंध संचालक के मार्गदर्शन मे नव वर्ष की पूर्व संध्या पर संगीतमय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसमें अतिथियों के लिए स्वादिष्ट व्यंजन के साथ नवाचार के रूप में स्थानीय व्यंजन जैसे ज्वार/बाजरा/ मक्का की चूल्हे की रोटी, कोदो, कुटकी से बने हुए व्यंजन भी परोसे जावेंगे।

