

नर्मदापुरम / वर्ष की अंतिम आयोजित हुई नेशनल लोक अदालत के अवसर पर आज शासकीय विधि महाविद्यालय नर्मदापुरम के विद्यार्थियों ने महाविद्यालय की प्राचार्य डा. कल्पना भारद्वाज के मार्गदर्शन में लोक अदालत की कार्यवाही का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। जिला न्यायालय परिसर में न्याय सदन में सर्वप्रथम जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विजय कुमार पाठक के द्वारा विद्यार्थियों को लोक अदालत के महत्वपूर्व पहलूओं से अवगत कराया । दल प्रभारी डा. महेंद्र कुमार पटेल तथा डा. हरिप्रकाश मिश्रा रहे तथा विद्यार्थियों में जुगल किशोर, रोशनी, आंनद सिंह, रेणुका, अंकिता, वंदना, रामकुमारी, प्रभांशु, लक्ष्य मालवीय के नेतृत्व में दल बनाकर कार्यवाही का अवलोकन किया। इस दौरान विद्यार्थियों को लोक अदालत की कार्यप्रणाली, सुलह–समझौते के माध्यम से विवादों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निपटारे की प्रक्रिया तथा न्यायालयों पर भार कम करने में लोक अदालत की भूमिका की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त हुई। विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकृति के प्रकरणों में पक्षकारों की सहमति से किए गए समझौतों को निकट से देखा और वैकल्पिक विवाद समाधान प्रणाली के महत्व को समझा। यह अवलोकन कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए न्यायिक प्रक्रिया को व्यवहारिक रूप से समझने की दिशा में अत्यंत उपयोगी एवं शिक्षाप्रद सिद्ध हुआ।

