

नर्मदापुरम / पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों को मानसिक रूप से सशक्त और स्वस्थ बनाए रखने हेतु नई पहल शुरु करते हुए प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को “हार्टफुलनेस मेडिटेशन” शिविर आयोजित किए जाने हेतु आदेश जारी किए गए हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम श्री साई कृष्णा (भापुसे) के मार्गदर्शन, अति. पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के निर्देशन में आज पुलिस लाइन में हार्टफुलनेस मेडिटेशन शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें रक्षित केन्द्र एवं थानों के कुल 105 पुलिस अधिकारी कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में प्रशिक्षित विशेषज्ञों द्वारा सहभागियों को ध्यान, तनाव नियंत्रण एवं मानसिक संतुलन हेतु विभिन्न अभ्यास कराए गए। इस प्रकार के शिविर पुलिस बल में मानसिक ताजगी, सकारात्मक दृष्टिकोण और कार्यक्षमता बढ़ाने में अत्यंत सहायक सिद्ध होंगे। पुलिस विभाग द्वारा ऐसे आयोजन भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रखने की योजना बनाई गई है, ताकि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकें। पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम द्वारा प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को रक्षित केन्द्र एवं प्रत्येक रविवार को जिले के समस्त थानों पर ऐसे ही हार्टफुलनेस मेडिटेशन शिविर आयोजित करने के निर्देश रक्षित निरीक्षक नर्मदापुरम एवं समस्त थाना प्रभारियों को दिए गए। इस अवसर पर रक्षित निरीक्षक नर्मदापुरम श्रीमति नेहा चंदेल, थाना प्रभारी यातायात श्रीमति सुनीता पटेल (मास्टर ट्रेनर हार्टफुलनेस), सूबेदार ईशान रिछारिया, सूबेदार सूरज जमरा, सउनि लक्ष्मण चावरे (मास्टर ट्रेनर हार्टफुलनेस) के साथ-साथ हार्टफुलनेस विशेषज्ञ अमित गोपलानी एवं विनय पालीवाल भी उपस्थित रहे।

