
इटारसी / सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा उद्यमिता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत इंडो जर्मन टूल रूम इंदौर की ओर से शास एम जी एम कालेज इटारसी में गुरुवार 11 दिसंबर से डीटीपी कंप्यूटर, ब्यूटी पार्लर और सिलाई मशीन प्रशिक्षण शुरू किया गया है। यह प्रशिक्षण दो माह का होगा, जिसमें 18 वर्ष से 45 वर्ष तक के इच्छुक लोग भाग ले सकेंगे। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर उपस्थिति के आधार पर प्रत्येक प्रशिक्षार्थी को कौशल विकास का प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें भविष्य में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। प्रशिक्षण शिविर के शुभारंभ अवसर पर शासकीय एम जी एम महाविद्यालय इटारसी की प्राचार्या डॉ. राकेश मेहता, हिंदी विभागाध्यक्ष मनीष चौरे, वरिष्ठ प्रोफ़ेसर अरविंद , संस्था संचालक अजय मंजारिया, शेख राशिद, राजकुमार सोनिया, ज्योति दीवान, रश्मि चौरे, रंजना चौधरी एवं अन्य छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अतिथियों ने प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डीटीपी कंप्यूटर प्रशिक्षण युवाओं के उज्जवल भविष्य की दिशा में एक मजबूत कदम है, वहीं सिलाई प्रशिक्षण छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण स्वरोजगार आज की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण कौशल विकसित करने के साथ ही युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार का अवसर भी प्रदान करेगा, जिससे वे अपनी जीवनधारा को मजबूत, सक्षम और सफल बना सकेंगे। संचालक अजय मंजारिया ने कहा इस प्रशिक्षण वह अवसर देगा, जिससे प्रशिक्षार्थी अपने कौशल का उपयोग कर आत्मनिर्भर बन सकें।

