नर्मदापुरम / शासकीय गृहविज्ञान स्नातकोत्तर अग्रणी महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ. श्रीमती कामिनी जैन के मार्गदर्शन में ई प्रवेश सत्र 2026-27 की प्रक्रिया पूर्व दिनांक 05.12.2025 से 01.01.2026 तक कॉलेज चलो अभियान के प्रथम चरण का शुभारंभ किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रीमती कामिनी जैन ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार इस वर्ष भी कॉलेज चलो अभियान के व्यापक प्रचार प्रसार हेतु महाविद्यालय की टीम सभी शासकीय एवं अशासकीय उच्चतर विद्यालयों में प्राचार्य, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से संपर्क कर उन्हे उच्च शिक्षा, उपलब्ध पाठ्यक्रम, कैरियर अवसरों एवं प्रवेश प्रक्रिया संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेंगे साथ ही विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का महाविद्यालय की शैक्षणिक प्रयोगशाला, खेल एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का अवलोकन करने हेतु कॉलेज विजिट का आयोजन किया जायेगा। प्राचार्य डॉ. जैन ने बताया कि सोशल मीडिया अभियान के तहत फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब तथा व्हाट्सएप्प पर महाविद्यालय की उपलब्धियों, प्रवेश प्रक्रिया, छात्र हितैशी योजनाओं एवं प्रेरक संदेशों पर आधारित छोटे वीडियो और पोस्ट प्रसारित किये जायेंगे तथा महाविद्यालय की विशिष्ट सुविधाओं का वीडियो एवं वर्चुअल टूर तैयार कर अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुॅचाया जायेगा तथा भविष्य में जिला शिक्षा अधिकारी, विभिन्न स्कूलों के प्राचार्य, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, प्रतिष्ठित व्यक्तियों, पूर्व छात्राओं, पंच, सरपंच के साथ बैठक आयोजित कर इस अभियान में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जायेगी। कॉलेज चलो अभियान की नोडल अधिकारी डॉ. रश्मि श्रीवास्तव ने बताया कि महाविद्यालय की टीम ग्राम सभा, शिक्षक अभिभावक मीटिंग, स्वसहायता समूह एवं युवा संगठनों के साथ बैठक कर विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा हेतु प्रेरित किया जायेगा एवं विद्यार्थियों का विषय चयन, रोजगार अवसरों एवं कौशल आधारित शिक्षा के बारे में मार्गदर्शन हेतु हाइब्रिड मोड (ऑनलाईन/ऑफलाईन) में कैरियर काउंसलिग सत्र आयोजित किये जायेंगे। विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से कार्यक्रम के प्रभाव, उपयोगिता तथा सुधारात्मक सुझाव एकत्र किये जायेंगे और इनका विश्लेषण कर अभियान के आगामी चरणों में समुचित सुधार सुनिश्चित किया जायेगा।

