
सिवनी मालवा / वार्ड क्रमांक 08 स्थित ईसाई समाज के कब्रिस्तान के निर्माण एवं विकास कार्य का भूमि पूजन सोमवार को संपन्न हुआ। इस कार्य के लिए विगत दिनों वार्ड 08 की पार्षद अनुराधा दीपक दीक्षित एवं ईसाई समाज द्वारा नगर पालिका सीएमओ अमर सिंह उईके को ज्ञापन सौंपा गया था। ज्ञापन में कब्रिस्तान में रोड निर्माण एवं बाउंड्री वॉल की अत्यावश्यक आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया गया था। पार्षद अनुराधा दीपक दीक्षित ने वार्ड की पुरानी से पुरानी समस्याओं साफ-सफाई व्यवस्था, रोड-नाली निर्माण तथा नागरिकों की अन्य समस्याओं को दूर करने में लगातार अग्रणी भूमिका निभाई है। इन्हीं सतत प्रयासों की श्रृंखला में ईसाई समाज के कब्रिस्तान के विकास कार्य को भी प्राथमिकता दी गई। भूमि पूजन कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष रितेश जैन, पार्षद अनुराधा दीपक दीक्षित, साथी पार्षद एवं ईसाई समाज के सदस्य उपस्थित रहे। अध्यक्ष रितेश जैन ने कहा कि “शहर की छोटी हो या बड़ी समस्या, नगर पालिका उसे दूर करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।” इस कार्य में नगर पालिका सीएमओ अमर सिंह उईके, पूर्व इंजीनियर राहुल शर्मा एवं पार्षद अनुराधा दीपक दीक्षित का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पार्षद प्रतिनिधि दीपक दीक्षित ने कहा कि वार्ड क्रमांक 08 की मुख्य समस्याओं को दूर करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि वार्डवासियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो सके। ईसाई समाज की ओर से अरुण कश्यप ने नगर पालिका अध्यक्ष, पार्षद अनुराधा दीपक दीक्षित, सीएमओ अमर सिंह उईके और इंजीनियर राहुल शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्य समाज के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित था, जो अब पूरा होने जा रहा है।

