नर्मदापुरम / शासकीय गृहविज्ञान अग्रणी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना एनएसएस और रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वाधान में प्राचार्य डॉ. श्रीमती कामिनी जैन के मार्गदर्शन मेें स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। स्वास्थ्य परीक्षण अपोलो सेज अस्पताल, भोपाल की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम द्वारा किया गया। जिसमें डॉ. राहुल मालवीय, पूनम टोप्पो, हर्षवर्धन जोशी, अभिनव उपाध्याय तथा प्रगति शर्मा शामिल रहे। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रीमती कामिनी जैन ने बताया कि स्वास्थ्य परीक्षण कैंप से सुलभ और प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं हो जाती है, साथ ही एक ही स्थान पर विशेषज्ञों, डॉक्टरों से परामर्श मिलता है। कैंप से अस्पताल जाने का खर्च, जॉच शुल्क और समय तीनोंकी बचत होती है। यह स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, रोगों की रोकथाम करने और समुदाय के संपूर्ण स्वस्थ्य स्तर को सुधारने का माध्ययम है। वर्तमान जीवन शैली के कारण विभिन्न प्रकार की बीमारियां हो रही है जैसे एनीमिया, ट्यूबरक्लोसिस, मोटापा, फैटी लीबर और रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होना है। स्वस्थ्य रहने हेतु मौसमी फल, हरी सब्जी, मोटा अनाज का उपयोग आवश्यक है। शिविर में महाविद्यालय की छात्राओं एवं स्टाफ सदस्यों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जाँच में रक्तचाप, शुगर स्तर, हीमोग्लोबिन सहित आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण सम्मिलित थे। साथ ही चिकित्सकों ने स्वास्थ्य जागरूकता, पौष्टिक आहार एवं नियमित व्यायाम के महत्व पर उपयोगी मार्गदर्शन भी प्रदान किया। इस अवसर पर रेड रिबन क्लब की संयोजक डॉ. कंचन ठाकुर, राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हर्षा चचाने एवं पूजा गोस्वामी, एनएसएस स्वयंसेविकाओं तथा महाविद्यालय प्रशासन का महत्वपूर्ण योगदान रहा। महाविद्यालय की प्राचार्य ने स्वास्थ्य परीक्षण शिविर को छात्राओं के लिए अत्यंत उपयोगी पहल बताते हुए चिकित्सकीय टीम का आभार व्यक्त किया एवं शिविर में लगभग 400 छात्राओं एवं महाविद्यालयीन स्टाफ ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण करवाया।

