
नर्मदापुरम / मां नर्मदा परिक्रमा ग्रुप द्वारा बीते दिन द्वितीय पंचकोशी श्री मां नर्मदा जी की पैदल परिक्रमा का आयोजन किया गया। परिक्रमा स्थानीय विवेकानंद घाट से प्रातः 8 बजे प्रारंभ हुई। पं. के. के. मिश्रा द्वारा मां नर्मदा जी की पूजन और संकल्प करवा कर यात्रा प्रारंभ कराई।
यात्रा सर्किट हाऊस घाट, कोरी घाट से होते हुए पर्यटन घाट पर पर पहुंच कर नाव द्वारा गुलजारी घाट मां नर्मदा जी के उस पार तट पर पहुंची। यहां से नर्मदापथ पर चलते हुए सभी भक्त गोंदरी घाट होते हुए विवेकानंद घाट पर दोपहर 3 बजे संपन्न हुई। इस धार्मिक यात्रा में 35 श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्यलाभ प्राप्त किया। यात्रा आयोजक श्रीमती प्रीति दिनेश सिंह चौहान ने बताया कि मां नर्मदा जी की प्रेरणा से इस यात्रा का प्रतिवर्ष आयोजन किया जा रहा है और आने वाले वर्ष में मां की कृपा से और सभी के सहयोग से भव्य आयोजन किया जावेगा।

