
नर्मदापुरम / अंचल के बड़े गांव निमसाडिया में विगत दिनों विवेकानंद युवा मण्डल द्वारा राधाकुंज इंग्लिश मीडियम स्कूल में विराट कविसम्मेलन का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। विवेकानंद युवा मण्डल के प्रांत अध्यक्ष प्रसन्न हर्णे, जिला पंचायत सदस्य सुकून चौरे, जनपद सदस्य मनोज चौरे, सरपंच बालेंद्र पटेल सहित रिजवान हैदर, विजय सेठ, घनश्याम साहू, अजय शर्मा, चमनपुरी, प्रफुल्ल पटेल, पंकज मलैया, जगदीप चौरे,अतुल चौरे, मुरारी साहू, अमरीश बड़कुर, मथुरा मलैया, नेमीचंद, गणेश यादव, पीयूष मलैया के आतिथ्य में कवियों ने हास्य व्यंग्य, राष्ट्र भक्ति और श्रंगारिक गीत-गजल की। महफ़िल कविताओं के माध्यम से कंपकंपाती ठंडी रात में श्रोताओं को गर्माहट से भर दिया। वरिष्ठ कवि नरेन्द्र मिश्र धड़कन (चिरमिरी छत्तीसगढ) की अध्यक्षता व नर्मदांचल के लोकप्रिय कवि पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी ब्रजकिशोर पटेल के संचालन में खूब काव्य रस वर्षा हुई । सुनील सांवला (नर्मदापुरम) ने आल्हा तर्ज की कविताओं से हंसाया। सतीश शमी (पथरौटा, इटारसी) ने गीत-गजल के माध्यम से माता पिता के प्रति सम्मान की भावनाओं को मुखर किया। करेली के हास्य के धमाकेदार कवि सुनील तन्हा ने ठेठ देहाती बोली की कविताओं से हंसा हंसाकर लोटपोट कर दिया। अंत में श्रीराम की कविता सुनाकर जय श्रीराम के नारे लगवा दिये। विजय बारूद (भोपाल) की ओजस्वी कविता से पंडाल में भारत मां के नारे गूंजने लगे। शहीद भगतसिंह को फांसी लगाने बाली रस्सी की आत्म व्यथा ने श्रोताओं के हृदय को झंकृत कर दिया। ब्रजकिशोर पटेल ने जब गीत गुनगुनाया “बहुतई मीठे आम तुम्हारे गांव के। हम हो गये गुलाम तुम्हारे गांव के। “तो गांव बाले भावुक हो उठे। बरेली के कवि प्रेमनारायण साहू और माखननगर की कीर्ति वर्मा नें छंदों और गीतों का परचम फहराया। बुंदेली बोली में अरुण गढवाल “जुगाडू” ने घर-परिवार की छोटी छोटी बातों को बुंदेली-मिठास में भरकर परोसा तो कविसम्मेलन अपने शिखर पर पहुंच गया। नरेंद्र मिश्र धड़कन ने अध्यक्षीय कविता पाठ में उत्कृष्ट गीत-गजल सुनाकर आयोजन को सार्थक बना दिया। आयोजन के लिए देवीसिंह राजपूत और प्रकाश चौरे की सभी ने मुक्तकंठ से सराहना की। कार्यक्रम के अंत में राधा कुंज ज्ञान सागर इंग्लिश मीडियम स्कूल के संचालक प्रकाश चौरे एवं प्राचार्य भारती चौरे द्वारा कविगण एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।

