
इटारसी / न्यास कॉलोनी स्थित साईं मंदिर में रविवार को भव्य शोभा यात्रा के साथ बाबा साईं की नई मूर्ति का विधिवत प्रतिस्थापन किया गया। पुरानी मूर्ति को श्रद्धा और आस्था से पूजने के बाद विशाल शोभायात्रा निकालकर साईं गार्डन के पास बने नव-निर्मित मंदिर में स्थापित किया गया। पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल से गूँज उठा। कार्यक्रम में विधायक डॉ. सीता शरण शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चोरे, वार्ड क्रमांक 13 की पार्षद अमृता मनीष ठाकुर, सभापति राकेश यादव, जगदीश मालवी, ओमकार मालवीय, बेनीशंकर शर्मा, मुकेश गोयल सहित बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित रहे। महिलाओं ने नम आँखों से अपने बाबा को विदाई दी और नए मंदिर में स्थापित होते देख भावुक होकर आरती उतारी। पार्षद अमृता मनीष ठाकुर ने बताया कि साईं मंदिर ग्राउंड में पार्क का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। क्षेत्रवासियों की आवश्यकताओं के अनुरूप यहाँ अन्य विकास कार्य भी प्रस्तावित हैं, जिससे यह परिसर श्रद्धा के साथ-साथ मनोरंजन और जनसुविधाओं का एक सुंदर केंद्र बन सकेगा। साईं बाबा की मूर्ति प्रतिस्थापन और विकास कार्यों को लेकर क्षेत्र में सकारात्मक माहौल है। भक्तों ने इसे आस्था, संस्कृति और विकास का एक सुंदर संगम बताया।

