नर्मदापुरम / दिन पर दिन दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ती जा रही जिस पर प्रदेश सरकार द्वारा लगाम लगाने के लिए समय-समय पर पुलिस विभाग को चेकिंग के आदेश दिए हैं। बता दें कि शहर में इन दिनों ट्रैक्टर ट्राली चालकों द्वारा डीजे साउंड बजाते हुए हाई स्पीड से वाहन चलाने की होड़ लगी हुई है। शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में भी यह ट्रैक्टर ट्राली सरपट दौड़ रहे हैं।। ये दो पहिया, चार पहिया और पैदल यात्रियों के लिए मुसीबत बन रहे हैं । आए दिन शहर में तेज गति से चलने वाले इन वाहनों से अब लोग डर के माहौल में जीने लगे हैं । एक तो इनके ट्रैक्टर में डीजे साउंड बजता रहता है और स्पीड भी ज्यादा रहती है यदि किसी वाहन चालक की नजर हटी तो दुर्घटना घटी। कुछ दिन पहले यातायात पुलिस ने अभियान चलाया था और रेडियम लगाने सहित अन्य हिदायत इन चालकों को दी थी लेकिन नियमों को दरकिनार कर यह ट्रैक्टर ट्राली चालक अपनी मनमानी पर उतर आए हैं । कलेक्ट्रेट रोड हो, मंडी रोड हो या फिर मार्केट कहीं से भी यह अपने वाहन डाल देते हैं और फिर तेज गति से कट करते हुए निकलते हैं । इसको लेकर कई बार विवाद की स्थिति भी निर्मित हुई है। इसको लेकर यातायात पुलिस को कार्यवाही कर इन से जुर्माना वसूलने की कार्यवाही करना चाहिए।
*ड्राइवर की हो चेकिंग , लगे लगाम*
इन तेज गति से दौड़ते ट्रैक्टर ट्राली को लेकर लोगों का कहना है कि इन वाहनों की चेकिंग होना चाहिए और ड्राइवर के पास पर्याप्त लाइसेंस jकागज है या नहीं इसे देखना चाहिए। अक्सर बिना सीखे और लाइसेंस के बिना इन ट्रैक्टर ट्राली को चलाते हैं जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। यातायात नियम को दरकिनार कर कहीं से भी वाहन डाल देते हैं इससे दोपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त होते हैं । सतरस्ते से बालागंज और बस स्टैंड से ग्वालटोली और मीनाक्षी से मंडी वाले रोड पर तो इनकी भरमार होती है। अब इनकी चेकिंग होना चाहिए जिससे इनकी मनमानी पर लगाम लगाई जा सके।
*फसल के अलावा अन्य कार्य में भी लगे हैं ट्रैक्टर ट्रॉली*
ट्रैक्टर ट्रॉली केवल खेती किसानी ही नहीं बल्कि शहर में अन्य काम में भी लगे हैं । यह माल ढोने का काम कर रहे हैं । कई बार तो एक दूसरे की होड़ और चेकिंग के डर से भी यह बिना देखे ट्रैक्टर ट्राली दौड़ाते हैं । भोपाल तिराहे से ब्रिज के नीचे भी ऐसी कई बार घटनाएं हो चुकी है जिसमें ट्रैक्टर ट्राली चालकों ने लोगों को परेशान किया। रेत, गिट्टी हो या अन्य सामान ड्राइवर तेज गति से वाहनों को चला रहे हैं।
*पंजाब का पैटर्न अपनाया, मचा रहे शोर*
शहर में ट्रैक्टर ट्रॉली वालों ने पंजाब का पैटर्न अपना कर रखा है जितनी भी शहर में ट्रैक्टर ट्राली आती है हाई स्पीड साउंड के डीजे साउंड बजाते हैं और शहर की रोड पर तेज स्पीड में दौड़ते हैं जिससे दुर्घटना संभावित है , लेकिन इस बात पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। इन तेज गति से दौड़ने वाले ट्रैक्टर ट्राली से शहर वासी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
*विशेष अभियान चलाकर हो धरपकड़*
लोगों का कहना है कि ट्रैक्टर ट्रॉली की चेकिंग अभियान चलाकर होना चाहिए और उनकी धर पकड़ करना चाहिए। गाना बजाना, तेज गति से चलना, नियम का पालन नहीं करना, लाइसेंस सहित बीमा कागजात आदि की चेकिंग भी समय-समय पर होना चाहिए जिससे इनकी मनमानी पर लगाम लगाई जा सके।

