

सिवनी मालवा / मप्र जन अभियान परिषद द्वारा सीएमसीएलडीपी कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित एमएसडब्ल्यू तथा बीएसडब्ल्यू की कक्षा में नशामुक्ति एवं स्वास्थ्य कार्यशाला का आयोजन किया गया। अतिथि वक्ता के रूप में रिलाएबल सोशल वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. विशाल सिंह बघेल ने युवाओं को विभिन्न तरह के नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान, दुष्परिणाम तथा बचाव के तरीके बताए। आपने एमडी ड्रग्स, शराब, सिगरेट एवं पाउच के बढ़ रहे सेवन पर चिंता जाहिर करते हुए समाज कार्यकर्ता को समाज में जागरूकता कार्य करने एवं समाज को नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया। नशे के खिलाफ जागरूकता के नारे लगाकर विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशा न करने की शपथ दिलाई। रिलाएबल सोसायटी के सचिव डॉ. पूनम सिंह राजपूत ने स्वस्थ दिनचर्या अपनाने, व्यवस्थित खानपान, पोषण आहार तथा स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरुक किया। परिषद के संभाग समन्वयक कौशलेश प्रताप तिवारी ने डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा देश व समाजहित में किए गए कार्यों के बारे में जानकारी। देश के महापुरुषों से प्रेरणा लेने की सीख दी। जिला समन्वयक पवन सहगल ने जल संचय अभियान पर चर्चा करते हुए जल संरक्षण हेतु बोरी-बंधान करने, सोखता गड्ढे का निर्माण करने, जन जागरूकता गतिविधि आयोजित करने के लिए प्रेरित कर जल संरक्षण करने की शपथ दिलाई। साथ ही रिलाएबल सोशल वेलफेयर सोसायटी द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यार्थी एवं समाजसेवियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विकासखंड समन्वयक हरिदास दायमा के नेतृत्व में परामर्शदाता ईश्वर विश्नोई, रघुवीर मालवीया, सेवनदास लौवंशी, श्यामा रघुवंशी, नम्रता गौर, नवांकुर समिति से सुगना लौवंशी, योगेंद्र सिंह राजपूत, सुनील सिंगोरिया, राजेंद्र यदुवंशी, यश कावड़े, प्रस्फुटन समिति के प्रतिनिधि एवं समाज कार्य के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

