
नर्मदापुरम / नगरपालिका के अतिक्रमण दल द्वारा लगातार कार्रवाई कर सड़क मार्ग को अवरूद्ध करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। रविवारीय हाट बाजार में सतरस्ते पर सड़क मार्ग अवरूद्ध कर व्यवसाय कर रहे फल सब्जी के ठेले वालों को निर्धारित स्थान पर पहुंचाया गया। साथ ही समझाइश दी गई कि अब दोबारा सड़क मार्ग अवरूद्ध किया तो जुर्माने के साथ ही सामग्री भी जब्त की जाएगी। जिसकी जिम्मेदारी फल एवं सब्जी विक्रेता की होगी। अतिक्रमण दल सहप्रभारी सुनील राजपूत ने बताया कि नगरपालिका अध्यक्ष नीतू यादव एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले के निर्देश पर यातायात को सुगम बनाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। रविवार को सतरस्ता, इंदिरा चौक, हीरो होण्डा चौक पर सड़क किनारे फल एवं सब्जी का व्यवसाय करने वाले को निर्धारित स्थान पर पहुंचाया गया। साथ ही समझाइश दी गई है कि अगर दोबारा सड़क मार्ग अवरूद्ध किया तो जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। श्री राजपूत ने बताया कि इसके अलावा भोपाल तिराहे और रसूलिया के नागरिकों की शिकायत पर एक कालोनी का अतिक्रमण हटवाया गया। नपाध्यक्ष श्रीमती यादव ने फल एवं सब्जी विक्रेताओं से आग्रह किया है कि वे सड़क मार्ग पर किसी भी प्रकार से अतिक्रमण न करें। फल एवं सब्जी विक्रेता अपने निर्धारित स्थान से ही व्यवसाय करें। सड़क मार्ग अवरूद्ध किया तो जुर्माने के साथ ही सामग्री भी जब्त की जाएगी।

