
इटारसी / शहर के आवाम नगर स्थित पशुपतिनाथ मोहल्ला में स्मार्ट मीटर को लेकर व्हाट्सएप पर फैल रही भ्रामक जानकारियों से उपभोक्ताओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। सोमवार को अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने उपभोक्ताओं से संवाद कर स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली, लाभ और पारदर्शी बिलिंग प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। समझाइश के बाद उपभोक्ता स्वयं आगे आए और मौके पर ही स्मार्ट मीटर लगवाए, जिससे क्षेत्र में सकारात्मक संदेश गया।
*खेड़ा क्षेत्र में 90% कार्य पूर्ण*
खेड़ा क्षेत्र में स्मार्ट मीटर स्थापना का कार्य तेजी से जारी है। अधिकारियों के अनुसार अब तक लगभग 90% इंस्टॉलेशन कार्य पूरा हो चुका है। आगामी दिनों में शेष क्षेत्रों में भी तेजी लाने की तैयारी है।
*1400 उपभोक्ताओं को मिला लाभ — 1 दिसंबर को समय पर जनरेट हुए बिल*
इटारसी और खेड़ा क्षेत्र के करीब 1400 उपभोक्ताओं के स्मार्ट मीटर से 1 दिसंबर को समय पर बिल जनरेट हुए हैं।
स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को मिलने वाली दैनिक स्लैब आधारित छूट का लाभ भी मिला है।
नए मीटर लगने के बाद उपभोक्ता बिलिंग की पारदर्शिता और सटीकता से संतुष्ट नजर आ रहे हैं।
*उपभोक्ता सुल्तान सिद्दकी बोले — अब बिल सही और समय पर*
आवाम नगर के निवासी श्री सुल्तान सिद्दकी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया —
“पहले व्हाट्सएप में आ रहे विरोधात्मक संदेशों से डर लग रहा था, लेकिन बाद में विभागीय स्टाफ ने पूरी जानकारी दी। अब हर महीने बिल 1 तारीख को समय पर मिल जाता है और बिल भी बिल्कुल सही आता है।
पहले रीडिंग समय पर न होने से मैं सरकारी सब्सिडी से वंचित रह जाता था। पुराने मीटर में रीडिंग अधिक या कम दिनों की होने और मानवीय त्रुटि की आशंका बनी रहती थी।”

