
नर्मदापुरम / भारतीय मानक ब्यूरो उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के तत्वाधान में शासकीय गृहविज्ञान स्नातकोत्तर अग्रणी महाविद्यालय में मानक क्लब द्वारा मानक प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया। भारतीय मानक ब्यूरो के निर्देशन में मानक क्लब द्वारा समय समय पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। इस दौरान महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रीमती कामिनी जैन ने अपने उद्बोधन में बताया कि हमारे महाविद्यालय में संचालित मानक क्लब का गठन छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए भारतीय मानक ब्यूरो भोपाल के मार्गदर्शन में किया गया है जो विगत तीन वर्षों से संचालित है।
जिसका संचालन मानक क्लब की मेंटोर डॉ. वैशाली लाल द्वारा सफलता पूर्वक किया जा रहा है। महाविद्यालय में प्रति वर्ष के समान इस वर्ष भी प्रथम प्रतियोगिता क्विज, द्वितीय मानक लेखन एवं तृतीय निबंध लेखन आयोजित की जायेंगी। जिसमें प्रथम प्रतियोगिता क्विज का आयोजन किया गया। जिसमें इस प्रतियोगिता की नियमावली को समझाकर प्रतियोगिता प्रारम्भ की गई। जिसका विषय – पैकेज बंद पेयजल(प्राकृतिक मिनरल जल के अलावा) था। जो बीआईएस के द्वारा प्रश्नपत्र के नमूना सहित जारी किया गया। जिसमें 20 प्रश्न वन वर्ड और 5 लघु उत्तरीय प्रश्न थे। जिसका समय 35 मिनिट था। क्विज प्रतियोगिता के उपरांत छात्राओं से उनके मोबाईल पर बीआईएस केयर ऐप उपभोक्ता सशक्तिकरण का साधन प्ले स्टोर से डाउनलोड करवाया गया। इस प्रतियोगिता के दौरान भारतीय मानक ब्यूरो भोपाल से आई सुश्री दीपिका गायकवाल ने बताया कि बी आई एस, बी आई एस अधिनियम 2016 के अंतर्गत स्थापित भारत का राष्ट्रीय मानक निकाय है जो मानकीकरण, मुहरांकन और सामान की गुणवत्ता प्रमाणन की गतिविधियों के सुमेलित विकास और इसके साथ जुड़े मामलों या आकस्मिक मामलों के सुमेलित विकास के लिए है। उन्होंने छात्राओं को विभिन्न वस्तुओं के मानकीकरण के नियमो एवं महत्व के बारे में विस्तार से समझाया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर कु. राखी यादव, द्वितीय स्थान पर कु. प्रियांशी राजपूत, तृतीय स्थान पर कु. उर्जिता रघुवंशी एवं सांत्वना पुरस्कार कु. श्रिया मनीष ने प्राप्त किया। पुरस्कार के तौर पर क्रमशः 1000/-, 750/-, 500/- एवं 250/- नगद राशि एवं प्रमाण पत्र महाविद्यालय की प्राचार्य द्वारा प्रदान किये गए और छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता के दौरान मानक क्लब के सदस्य डॉ. मनीष चंद्र चौधरी, श्रीमती आभा वाधवा एवं 22 छात्रायें उपस्थित रहे।

