
इटारसी / शहर के सामाजिक कार्यकर्ता मनीष ठाकुर ने इटारसी रेलवे स्टेशन क्षेत्र में बढ़ रही अव्यवस्था को लेकर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) को एक विस्तृत पत्र ई-मेल के माध्यम से भेजकर गंभीर समस्या की ओर ध्यान आकर्षित किया है। मनीष ठाकुर ने अपने पत्र में लिखा कि इटारसी स्टेशन का मुख्य गेट बंद होने के बाद से माल गोदाम रोड की ओर से टिकट काउंटर और आवागमन संचालित किया जा रहा है। इससे इस मार्ग पर प्रतिदिन ऑटो, टैक्सी और फोर-व्हीलर वाहनों की भीड़ बढ़ रही है, जिसके चलते लगातार जाम की स्थिति बनती है।
पत्र में उल्लेख किया गया कि इस जाम के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों, ग्रामीण अंचल से आने-जाने वाले यात्रियों तथा रेलवे यार्ड क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने डीआरएम से निवेदन किया कि माल गोदाम रोड पर ऑटो स्टैंड और फोर-व्हीलर स्टैंड की सुव्यवस्थित व्यवस्था की जाए।
मार्ग का चौड़ीकरण करवाया जाए ताकि जाम की समस्या समाप्त हो सके। यात्रियों की सुविधा के लिए यातायात नियंत्रण व्यवस्था भी लागू की जाए। मनीष ठाकुर ने कहा कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर शीघ्र प्रभावी निर्णय लेगा।

