


इटारसी / हरियाणा करनाल के कल्पना चावला ऑडिटोरियम में 28 से 30 नवंबर तक आयोजित वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2025 में इटारसी की खिलाड़ी ऋषिका पटेल ने गोल्ड मेडल जीतकर भारत और मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया। तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन रॉ पावरलिफ्टिंग फेडरेशन रजिस्टर्ड इंडिया, वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग यूनियन और ब्रिटिश पावरलिफ्टिंग फेडरेशन ने संयुक्त रूप से किया। इसमें भारत, इंग्लैंड, ब्रिटेन सहित कई देशों के खिलाड़ी शामिल हुए।
चैंपियनशिप में फुल पावरलिफ्टिंग, स्ट्रिक्ट कर्ल, बेंच प्रेस, डेडलिफ्ट, इक्विप्ड और अनइक्विप्ड रॉ समेत कई कैटेगरी में मुकाबले हुए। विभिन्न वर्गों युवा, टीन, जूनियर, सीनियर, मास्टर और फिजिकली डिसेबल्ड के खिलाड़ियों ने अपनी ताकत दिखाई।
इसी मंच पर इटारसी की सब-जूनियर 48 किलोग्राम वेट कैटेगरी की खिलाड़ी ऋषिका ने 65 किलोग्राम वजन उठाकर पहला स्थान प्राप्त किया। उनके प्रदर्शन से भारतीय टीम के कुल स्कोर को भी मजबूती मिली, जिससे टीम का मनोबल बढ़ा।
ऋषिका इटारसी पॉलिटेक्निक कॉलेज के कंप्यूटर साइंस विभाग की 6th सेमेस्टर की छात्रा हैं। उनके पिता राकेश पटेल इटारसी के वरिष्ठ पत्रकार हैं। बेटी की इस उपलब्धि से परिवार ही नहीं, पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और खेलप्रेमियों ने उन्हें बधाइयाँ दीं।
कोच ने बताया कि ऋषिका बेहद अनुशासित और लक्ष्य पर केंद्रित खिलाड़ी हैं। नियमित अभ्यास और फिटनेस रूटीन ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच पर यह सफलता दिलाई है। उन्हें भविष्य में राष्ट्रीय और एशियाई स्तर पर मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
अपनी जीत पर ऋषिका ने कहा कि भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, कोच और कॉलेज प्रबंधन को दिया।

