नर्मदापुरम / शासकीय गृहविज्ञान स्नातकोत्तर अग्रणी महाविद्यालय में 26 नवंबर को संविधान दिवस के उपलक्ष्य में रेड रिबन क्लब, राष्ट्रीय सेवा योजना तथा स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में एवं प्राचार्य डॉ. श्रीमती कामिनी जैन के मार्गदर्शन में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम प्राचार्य डॉ. श्रीमती कामिनी जैन द्वारा संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया गया एवं छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि “हमारा संविधान एक जीवंत तथा प्रगतिशील दस्तावेज है। इसके आदर्शों और गौरव को बनाए रखने हेतु प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहना आवश्यक है।” उन्होंने संविधान निर्माताओं के योगदान को स्मरण करने के महत्व पर भी प्रकाश डाला। 76वें संविधान दिवस पर भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों, न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुत्व के महत्व को रेखांकित करने हेतु छात्राओं को जागरूक किया गया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हर्षा चचाने ने बताया कि इस वर्ष संविधान दिवस की थीम “हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान” है। रेड रिबन क्लब, रासेयो और स्वामी विवेकानंद केरियर मार्गदर्शन योजना द्वारा संविधान सभा का महत्व एवं संविधान निर्माण में महिला सदस्यों के योगदान पर विशेष चर्चा की गई। इसके साथ ही प्रदर्शनी, स्लोगन लेखन प्रतियोगिता, प्रश्न मंच तथा निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। छात्राओं ने मानव श्रृंखला बनाकर संविधान के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया। प्राचार्य डॉ. श्रीमती कामिनी जैन के सहयोग से छात्राओं द्वारा बांद्राभान स्थित आसरा वृद्धाश्रम में बुजुर्गजनों को कंबल एवं फल वितरित किए गए। वरिष्ठ नागरिकों ने अपने जीवन के अनुभव छात्राओं के साथ साझा किए एवं छात्राओं ने वरिष्ठजनों के साथ भजनों की सुंदर प्रस्तुति दी। महाविद्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हर्षा चचाने एवं पूजा गोस्वामी, महाविद्यालय स्टाफ से अंकित तिवारी, श्वेता वर्मा, राजकुमार मेहरा तथा स्वयंसेवक प्रेरणापाल, दुर्गा सूर्यवंशी, रवीना रुव एवं एनसीसी की नैंसी शर्मा द्वारा रक्तदान किया गया। कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद मार्गदर्शन प्रकोष्ठ अधिकारी डॉ. संगीता अहिरवार डॉ. रागिनी सिकरवार रेड रिबन क्लब से डॉ. कंचन ठाकुर, डॉ. श्रीकांत दुबे, प्रो. आर.के. चौकीकर, डॉ. दुर्गेश तेली, डॉ. कीर्ति दीक्षित, डॉ. रफीक अली अन्य स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रही।

