
इटारसी / आईएएस संतोष वर्मा के विवादित बयान के बाद क्षेत्र में नाराज़गी बढ़ गई है। राजपूत समाज की ओर से मनीष ठाकुर ने कहा कि ब्राह्मण समाज पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक टिप्पणी या अनादर को किसी भी हाल में सहन नहीं किया जाएगा। मनीष ठाकुर ने स्पष्ट कहा कि “ब्राह्मण समाज के सम्मान पर चोट करना, पूरे समाज के सम्मान पर चोट करने जैसा है। ऐसी टिप्पणियाँ न केवल सामाजिक माहौल बिगाड़ती हैं बल्कि समाजों के बीच पैदा हुए विश्वास को भी नुकसान पहुँचाती हैं।” उन्होंने कहा कि समाज के बीच प्रेम, भाईचारा और परस्पर सम्मान ही हमारी संस्कृति की मूल पहचान है। यदि किसी भी समाज पर अवांछित टिप्पणी की जाती है तो राजपूत समाज सबसे पहले उसके समर्थन में खड़ा होगा। राजपूत समाज ने मांग की है कि आईएएस संतोष वर्मा अपने बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगें, ताकि समाज में फैली नाराजगी शांत हो सके। साथ ही चेताया कि भविष्य में किसी भी समाज, विशेषकर ब्राह्मण समाज पर आपत्तिजनक बातें या गलत टिप्पणी की गई तो इसका प्रबल विरोध किया जाएगा। राजपूत समाज ने कहा कि समाजों का सम्मान सर्वोपरि है, और सभी को मिलकर सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

