

इटारसी / मुस्कान संस्था सेवा संकल्प के साथ लगातार समाजहित में कार्य कर रही है। संस्था द्वारा मध्यप्रदेश के विभिन्न कॉलेजों एवं संस्थाओं के विद्यार्थियों को सेवा गतिविधियों से जोड़ने का क्रम जारी है, जिससे युवा पीढ़ी को सामाजिक सरोकारों की समझ विकसित हो सके। इसी क्रम में आज श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल के एएनएम प्रशिक्षण केंद्र की 50 छात्राओं ने मुस्कान संस्था पहुंचकर बच्चों से मुलाकात की। छात्राओं ने बच्चों के साथ समय बिताया, उनकी दिनचर्या एवं शिक्षा-संबंधी पहल की जानकारी ली। संस्था की टीम ने छात्राओं को मुस्कान संस्था में चल रही विभिन्न गतिविधियों शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, संस्कार एवं कौशल विकास के बारे में विस्तार से अवगत कराया। छात्राओं ने बच्चों को स्वास्थ्य स्वच्छता, पोषण, प्राथमिक उपचार और व्यक्तिगत देखभाल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी दी। मुस्कान संस्था के संचालक मनीष ठाकुर ने बताया कि मुस्कान संस्था इटारसी शहर के सभी सामाजिक लोगों के सेवा-संकल्प के साथ सेवा के विभिन्न आयामों को निरंतर आगे बढ़ा रही है। संस्था समय-समय पर बच्चों को उपयोगी जानकारी प्रदान कर उनके सर्वांगीण विकास की दिशा में काम कर रही है। बच्चों ने छात्राओं के साथ संवाद कर उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना तथा एएनएम प्रशिक्षु छात्राओं को सामाजिक सेवा का अनुभव प्रदान करना रहा।
मुस्कान संस्था का यह सतत प्रयास समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।

