

नर्मदापुरम / गुरुवार को अनुभाग सिवनी मालवा में एसडीएम कार्यालय, तहसील कार्यालय एवं जनपद पंचायत सिवनी मालवा का ई-ऑफिस कार्यप्रणाली संबंधी निरीक्षण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी (DIO) राष्ट्रीय सूचना केंद्र (NIC) मनीष गुणवान, प्रशिक्षक, ई-दक्ष केंद्र प्रज्ज्वल शुक्ला, जिला ई-गवर्नेंस प्रबंधक नर्मदापुरम संदीप कुमार चौरसिया, निरीक्षण दल में शामिल रहे।
*निरीक्षण तथा प्रशिक्षण*
दोनों सत्रों में एसडीएम सिवनी मालवा विजय राय, तहसीलदार सिवनी मालवा तथा नायब तहसीलदार सिवनी मालवा स्वयं उपस्थित रहे। वरिष्ठ अधिकारियों की सक्रिय उपस्थिति से प्रशिक्षण को विशेष गंभीरता, मार्गदर्शन और सकारात्मक वातावरण मिला।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान ई-ऑफिस के उपयोग, दैनिक फाइल प्रबंधन, नोट एवं ड्राफ्ट निर्माण, डायरी/डिस्पैच, संदर्भ संलग्नकरण, पार्किंग/अनपार्किंग, भूमिका प्रबंधन तथा डैशबोर्ड उपयोग जैसी प्रक्रियाओं का विस्तृत एवं व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। प्रशिक्षकों द्वारा कर्मचारियों के प्रश्नों का समाधान भी किया गया, जिससे प्रतिभागियों को ई-ऑफिस की कार्यशैली को समझने में अत्यधिक सुविधा हुई।
एसडीएम विजय राय ने बताया कि अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत लाभप्रद पाया तथा यह प्रशिक्षण अनुभाग के कार्यालयीय कार्यों को अधिक पारदर्शी, तेज़ और परिणामोन्मुखी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ तथा यह आशा व्यक्त की गई कि अनुभाग सिवनी मालवा में ई-ऑफिस का क्रियान्वयन आने वाले दिनों में और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी होगा।

