
नर्मदापुरम / शासकीय गृहविज्ञान अग्रणी स्नातकोत्तर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना संयुक्त इकाई द्वारा प्राचार्य डॉ. श्रीमती कामिनी जैन के मार्गदर्शन में प्रेम नगर आंगनवाड़ी में बाल संरक्षण सप्ताह के अंतर्गत दिवा शिविर आयोजित किया गया। जिसमें स्वयंसेविकाओं ने बाल सुरक्षा, पोषण, स्वास्थ्य एवं बाल अधिकारों के प्रति समुदाय को जागरूक करने हेतु रैली, दीवारों पर स्लोगन लेखन, नुक्कड़ नाटक एवं पंपलेट वितरण जैसी गतिविधियाँ संचालित कीं। शिविर में बच्चों के साथ संवाद स्थापित करते हुए उन्हें कहानी सुनाने के अवसर दिए गए तथा बिस्किट और चॉकलेट वितरित किए गए। खेलकूद गतिविधियों एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के गीतों के माध्यम से बच्चों में उत्साह का संचार किया गया और उपस्थित लोगों को विशेष गहन पुनरीक्षण संबंधी जानकारी भी प्रदान की गई। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी सहायक कार्यकर्ता रजनी संतोरे का विशेष योगदान रहा। इस दिवा शिविर का उद्देश्य बाल संरक्षण के महत्त्व का प्रसार करते हुए बच्चों की सुरक्षा, स्वस्थ भविष्य एवं समुदाय की सामूहिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना था। शिविर में राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी डॉ. हर्षा चचाने एवं पूजा गोस्वामी, महाविद्यालय से धीरज खातरकर, बाल संरक्षण क्लब की सचिव प्रिया सोनी, उपाध्यक्ष तनुश्री तिलवाड़िया, स्टेट कैंपर दुर्गा सूर्यवंशी, कंचन गोस्वामी, सलोनी दुबे, दीपिका, तनु रजक, सलोनी मालवीय, कंचन केजल एवं दिशा का सक्रिय योगदान रहा।

