


नर्मदापुरम / भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में आयोजित नर्मदापुरम-हरदा संयुक्त बैठक में क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के हर घर तक किसी न किसी रूप में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाया है। इसलिए संगठन के सभी दायित्ववान पदाधिकारी अपने प्रवास के दौरान छोटी-छोटी बैठकें आयोजित कर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी जनता तक अवश्य पहुँचाएं। उन्होंने कहा कि हितग्राहियों से सीधे संपर्क कर उन्हें यह बताना जरूरी है कि उन्हें जो लाभ मिला है, वह मोदी सरकार की योजना का परिणाम है। अजय जामवाल ने कहा कि मोदी जी का मिशन 2047 में देश के सभी राज्यों में भाजपा की सरकार हो और इसके लिए संगठन को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने विशेष रूप से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इस प्रक्रिया के माध्यम से मतदाता सूची का सटीक शुद्धिकरण किया जा रहा है। दिल्ली और बिहार में इसके परिणामों ने चुनावी समीकरणों में बड़ा परिवर्तन किया है। इसलिए सभी कार्यकर्ता 4 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान में पूर्ण समर्पण के साथ जुट जाएँ और अन्य सभी कामों को फिलहाल पीछे रखें। उन्होंने विधायकों को निर्देश देते हुए कहा कि वे अपनी-अपनी विधानसभा क्षेत्रों में कॉल सेंटर स्थापित कर एसआईआर से संबंधित जानकारी लगातार प्राप्त करें। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नर्मदापुरम संभाग प्रभारी कान्तदेव सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसी पार्टी है जहाँ एक सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी निष्ठा, परिश्रम और संगठन के प्रति समर्पण से देश के सर्वोच्च पदों तक पहुँच सकता है। यही भाजपा की ताकत है। कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि नर्मदापुरम संभाग के कार्यकर्ता प्रदेश में एसआईआर में प्रथम स्थान प्राप्त करेंगे, क्योंकि यहां के सभी कार्यकर्ता सक्रिय, समर्पित और संगठन के लक्ष्यों को लेकर प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से आग्रह किया कि वे संगठन की अपेक्षाओं के अनुरूप निरंतर जनसंपर्क, संवाद और संगठनात्मक गतिविधियों में मजबूती से जुटे रहें। बैठक में जिला अध्यक्ष श्रीमती प्रीति शुक्ला ने प्रस्तावना एवं स्वागत भाषण देते हुए एसआईआर अभियान की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले के 1187 बूथों पर कार्य प्रगति पर है। इस अभियान के लिए जिले में जिला संयोजक, चार विधानसभा संयोजक तथा सभी मंडलों में मंडल प्रभारी एवं मंडल संयोजक नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने बताया कि 7 नवम्बर को प्रदेश के मंत्री राव उदयप्रताप सिंह ने जिला कंट्रोल रूम का शुभारंभ किया था। प्रीति शुक्ला ने वरिष्ठ नेतृत्व को आश्वस्त करते हुए कहा कि जिले में यह कार्य शत-प्रतिशत समय पर पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने जिले में चलाए गए आत्मनिर्भर अभियान, सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित रन फॉर यूनिटी’ तथा वंदे मातरम की 150वीं जयंती पर हुए कार्यक्रमों की भी जानकारी दी। बैठक में क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष संभागीय प्रभारी कांतदेव सिंह, प्रदेश मंत्री सुश्री राजो मालवीय, नर्मदापुरम जिला अध्यक्ष प्रीति शुक्ला, हरदा जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा, विधायक डॉ. सीताशरण शर्मा, ठाकुर विजयपाल सिंह, ठाकुरदास नागवंशी, प्रेमशंकर वर्मा, पूर्व विधायक संजय शाह मंचासीन रहे। बैठक का संचालन जिला महामंत्री मुकेश चंद्र मैना ने किया तथा आभार एसआईआर के विधानसभा संयोजक जयकिशोर चौधरी ने व्यक्त किया।

