

नर्मदापुरम / आज पश्चिम बंगाल में भाजपा के संगठनात्मक प्रवास के दौरान गौरांग नगर, न्यू टाउन कोलकाता (जिला–बारासात) में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में UNITY MARCH (एकता मार्च) एवं समापन सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सामिक भट्टाचार्य तथा मध्यप्रदेश महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने विशेष रूप से सहभागिता की। भाजपा द्वारा आयोजित इस एकता मार्च में पार्टी पदाधिकारियों, महिला मोर्चा की कार्यकर्ता महिलाओ और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। मार्च के दौरान सरदार पटेल के देश की एकता और अखंडता में योगदान को याद किया गया तथा उनके विचारों को आमजन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार पटेल ने राष्ट्र की एकता को सर्वोपरि मानते हुए देश को एक सूत्र में संगठित करने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनकी 150वीं जयंती पर आयोजित यह एकता मार्च उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

