

नर्मदापुरम / सिवनी मालवा के पीपल चौक स्थित शिक्षक कॉलोनी के श्री पीपलेश्वर महादेव मंदिर में सोमवार, 23 नवंबर को प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार अन्नकूट महोत्सव का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ किया गया। इस अवसर पर भगवान पीपलेश्वर महादेव का पूजन-अर्चन कर विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग अर्पित किया गया। महोत्सव में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए तथा अन्नकूट प्रसादी ग्रहण की।
इस अवसर पर दीपक दीक्षित ने कहा कि पीपलेश्वर महादेव मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। भगवान पीपलेश्वर महादेव के प्रति भक्तों की गहरी आस्था है और उनके दर्शन एवं सच्चे मन से की गई प्रार्थना से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी संस्कृति, परंपरा और आपसी सद्भाव को मजबूत बनाते हैं।

