
नर्मदापुरम / 13 मध्य प्रदेश बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल एस पी सिंह के मार्गदर्शन में एक भारत श्रेष्ठ भारत (EBSB) राष्ट्रीय कैंप में भाग लेकर इंदौर से लौटे समेरिटन्स स्कूल के तीन एनसीसी कैडेट्स सार्जेंट विशेष वर्मा, ओम यादव, सीपीएल हर्षित तिलतिया का नर्मदापुरम रेलवे स्टेशन पर स्वागत किया गया। सभी कैडेट्स हवलदार घमंडा राम के साथ आए। कैडेट्स के स्टेशन पहुंचते ही संस्था की तरफ से एनसीसी सेकेंड आफिसर विजय प्रकाश श्रीवास्तव ने उनका स्वागत कर उत्साहवर्धन किया।
इस कैंप में स्कूल के कैडेट्स ने विभिन्न सांस्कृतिक, साहसिक और बौद्धिक गतिविधियों में हिस्सा लिया। कैंप के दौरान उन्होंने देश के अलग-अलग राज्यों से आए कैडेट्स के साथ संस्कृति, भाषा और परंपराओं का आदान-प्रदान किया, जो कि ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
स्कूल के डायरेक्टर डॉ. आशुतोष कुमार शर्मा ने कैडेट्स की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि ऐसे राष्ट्रीय स्तर के कैंपों से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है और उनमें देशप्रेम व अनुशासन की भावना मजबूत होती है।
कैडेट्स ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इंदौर में आयोजित इस कैंप से उन्हें बहुत कुछ नया सीखने को मिला और यह अनुभव उनके जीवन में हमेशा काम आएगा। उनकी इस उपलब्धि पर संस्था प्राचार्य श्रीमति प्रेरणा रावत, एनसीसी मैनेजर प्रदीप कुमार यादव, एनसीसी सेकेंड आफिसर स्नेहा उपाध्याय ने बधाई शुभकामनाएं दी।

