

नर्मदापुरम / मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के उपलक्ष का भव्य आयोजन मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में प्रस्तावित है। इसी कार्यक्रम के अंतर्गत पूर्व-कार्यक्रम के रूप में एक अनूठी और प्रेरणादायी पहल की गई है।
एनसीसी ग्रुप मुख्यालय भोपाल के अंतर्गत 13 मध्यप्रदेश बटालियन एनसीसी, नर्मदापुरम द्वारा रविवार को नर्मदा घाट पर ‘संकल्प वृक्ष’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन 1 नवंबर को भोपाल में आयोजित किया जाएगा। इसी तारीख में इस आयोजन को समारोह की तैयारियों का शुभारंभ माना जा रहा है।
इस कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि संकल्प वृक्ष के रोपण के लिए मध्यप्रदेश के सभी जिलों से पवित्र ‘माटी’ एकत्र की जानी है। इसी के परिपेक्ष में आज हर्बल पार्क घाट के समीप मां नर्मदा तट से मिट्टी एकत्रित की गई है। यह माटी प्रदेश की विविधता में एकता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्र की अखंडता का प्रतीक स्वरूप है। सभी जिलों की मिट्टी को एक स्थान पर मिलाकर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के द्वारा संकल्प वृक्ष लगाया जायेगा, जो पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति भारतीय सेना और एनसीसी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कैडेट्स ने कहा कि एनसीसी कैडेट के रूप में इस राष्ट्रव्यापी पहल का हिस्सा बनना हमारे लिए गर्व की बात है। यह पहल युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन, एकता, जिम्मेदार नागरिकता और राष्ट्र निर्माण की भावना को और मजबूत करेगी।
13 बटालियन के अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के आयोजन युवाओं को सेना के करीब लाने और पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से किए जा रहे हैं। आज का आयोजन 13 एमपी बटालियन एनसीसी के कमान अधिकारी कर्नल एसपी सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर लेफ्टिनेंट कर्नल विवेक कुमार, चीफ ऑफिसर जयकुमार वर्मा, लेफ्टिनेंट संतोष अहिरवार, फर्स्ट ऑफिसर विजय गौर, सेकंड ऑफिसर कमर शेख, सेकंड ऑफिसर विजय प्रकाश श्रीवास्तव एवं सूबेदार मेजर बी तिलक, सूबेदार राकेश सिंह, सूबेदार मेहराम सिंह, श्री रामावतार एवं बटालियन के समस्त जेसीओ एनसीओ सिविल स्टाफ एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट का उत्साह वर्धन के लिए उपस्थित रहे।

