

नर्मदापुरम / कलेक्टर आशीष वशिष्ठ के सख्त निर्देशों के पालन में शहर में चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान के तहत नगरपालिका ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर के डबल फाटक ओवरब्रिज के नीचे सड़क पर अतिक्रमण कर कबाड़ फैलाने और गंदगी करने वाले एक कबाड़े संचालक पर 10,000 रुपए का जुर्माना लगाया गया है। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट सीमा बड़ोने, मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख, नगरपालिका का अतिक्रमण दल और देहात थाने का पुलिस बल पूरी मुस्तैदी के साथ मौके पर मौजूद रहा।
अतिक्रमण दल के सदस्य शेख सिकंदर ने बताया कि लगातार शिकायत मिल रही थी कि डबल फाटक ओवरब्रिज के नीचे कबाड़े वाले द्वारा सड़क पर अवैध रूप से सामान फैलाकर अतिक्रमण किया गया है। इसके कारण न केवल रास्ता संकरा हो गया था, बल्कि भारी गंदगी और कचरे के ढेर से आम नागरिकों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
रविवार को नगरपालिका के अतिक्रमण दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सड़क से अतिक्रमण हटवाया और कबाड़े को व्यवस्थित कराया। इस दौरान मौके पर मौजूद अधिकारियों ने संबंधित व्यक्ति को समझाइश दी और भविष्य में ऐसी गलती न करने की हिदायत दी।

