

नर्मदापुरम / शहर में नवरात्रि की धूम है, इसके चलते ब्रह्म मुहूर्त में मां के जयकारे गूंज रहे हैं। लाल ध्वजा, चुनरी और केसरिया रंग से शहर झिलमिल हो रहा है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में झांकियां सज रही है। आज महा अष्टमी पर महागौरी और सोमवार महानवमीं को मां सिद्धिदात्री की आराधना होगी । महा अष्टमी और महानवमी पर कन्या पूजन, कन्या भोज, भंडारे अनुष्ठान और हवन पूजन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे । जगह-जगह दुर्गा सप्तशती पाठ, अनुष्ठान, गरबा, नृत्य कार्यक्रम शहर भर में चल रहे हैं । कन्या पूजन और भोज के आयोजन हो रहे हैं । देवी पंडालों और सलकनपुर के रास्तों पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जा रहा है।
सर्वार्थसद्धि और रवि योग का संयोग……
ज्योतिष आचार्य पंकज पाठक ने बताया कि सोमवार को 6 शुभ योग इस तिथि को खास बना रहे हैं। इस बार अष्टमी पर सर्वार्थसिद्धि और रवि योग रहने वाला है, इसके अलावा, 19 अक्टूबर को तुला राशि में शुक्र, सूर्य और बुध की मौजूदगी से लक्ष्मी नारायण, बुधादित्य, शुक्रादित्य राजयोग भी रहेगा, साथ ही, गुरु-चंद्रमा की विशेष परिस्थिति इस दिन गजकेसरी योग का निर्माण करेगी।
बड़ी सेठानी, माता महाकाली और पगड़ी वाली माता के सजे दरबार…..
शहर में सतरस्ते पर माता महाकाली, जुमेराती की नगर सेठानी, कसेरा मोहल्ले की पगड़ी वाली माता, होली चौक पर नवदुर्गा, कोठी बाजार, ग्वालटोली की काली मंदिर की माता काली, भगवान शंकर, अमर चौक पर, तारा अहाता वाली काली जी, जय स्तंभ मां छिन्नमस्तिका द्वारा भी मां के भव्य रूप विराजित किए गए हैं ।
विजयादशमी पर होगी शस्त्र पूजन….
मंगलवार को विजयादशमी रवि और श्रवण नक्षत्र के संयोग में मनेगा। व्यापिनी दशमी में दशहरा मनाया जाएगा। इसके साथ ही यह अबूझ मुहूर्त मूना जाता है। इस दिन शस्त्र, औजार और वाहन पूजन होती है। वहीं लोग नई खरीददारी करते हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात……
नवरात्रि के चलते जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शहर के सभी संवेदनशील और अत्यधिक भीड़भाड़ वाले पंडालों पर पुलिस बल और महिला पुलिस बल तैनात किया गया है। असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए प्रमुख मार्गों और पंडाल परिसरों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। यातायात पुलिस द्वारा रूट डायवर्जन भी किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

