


नर्मदापुरम / अखिल भारतीय कायस्थ समाज मातृशक्ति एवं पुरुष द्वारा प्रत्येक रविवार को विगत चार वर्षों से स्वच्छता और पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। हर रविवार घाटों पर जाकर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही पौधारोपण भी किया जा रहा है। स्वच्छता एवं पौधारोपण अभियान के तहत रविवार को सदर बाजार स्थित रामजी बाबा समाधि एवं देवा माई मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया । समाजजनों ने मंदिर परिसर की साफ-सफाई करने के बाद परिसर के सामने विभिन्न प्रजातियों के पौधे भी रोपे।
इस अवसर पर ज्योति वर्मा, प्रीती खरे, मंजू वर्मा, सुमन वर्मा, रितु श्रीवास्तव, जानकी, प्रिया श्रीवास्तव, नगर पालिका उपाध्यक्ष अभय वर्मा, सुनील राय, राजेंद्र श्रीवास्तव, मनोज वर्मा, देवा भाई मंदिर के पुजारी श्री विश्वकर्मा, लालता प्रसाद, आदित्य, सीबी खरे, आशा राजपूत, श्रीमती ममता तिवारी, राधा गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
इस मौके पर प्रखर समाजसेवी सुनील राय ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हम सभी का दायित्व है। धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने के साथ अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की आवश्यकता है। पौधारोपण के साथ उनकी नियमित देखभाल भी जरूरी है, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में पेड़ बनकर पर्यावरण को समृद्ध कर सकें।
लगाए फूलदार, फलदार पौधे, संरक्षण का लिया संकल्प…
पौधारोपण के दौरान नींबू, अमरूद, कटहल, बेलपत्र सहित विभिन्न फलदार एवं फूलदार सहित अन्य प्रजातियों के पौधे लगाए गए। मंदिर परिसर के आसपास अनेक प्रकार के फूलदार पौधे लगाए, जिससे वातावरण शुद्ध और साफ हो। इसके साथ ही समाज के सभी लोगों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण करने का भी संकल्प दोहराया। पदाधिकारियों का कहना था कि हर रविवार पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसमें सभी प्रकार के पौधे लगाए जाएंगे जिससे पर्यावरण साफ और शुद्ध हो सके। पर्यावरण की रक्षा के लिए पेड़ पौधे का होना आवश्यक है।

