
नर्मदापुरम / कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रातः 11 बजे से आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं ध्यान पूर्वक सुनीं। जनसुनवाई के दौरान राजस्व, भूमि विवाद, पेंशन, कृषि सहित अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुई। कलेक्टर श्री मिश्रा ने 84 आवेदन कर्ताओं की समस्याओं को सुनते हुए उनका निराकरण किया।
दिव्यांग आवेदक की समस्याओं को सुनने स्वयं आवेदक के पास पहुंचे कलेक्टर…..
कलेक्टर श्री मिश्रा ने दिव्यांग आवेदिका श्रीमती शांति बाई की समस्या सुनने के लिए स्वयं आबिद के समक्ष पहुंचे और उन्होंने आवेदिका से उनकी समस्या के बारे में जानकारी ली। आवेदिका द्वारा बताया गया कि उनकी राजस्व संबंधी दस्तावेजों में नाम दुरुस्ती की कार्यवाही शेष है। उक्त संबंध में कलेक्टर ने तहसीलदार को निर्देश दिए की मामले की जांच करें तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जनसुनवाई में हर्ष नगर, नर्मदापुरम के रहवासियों ने पेयजल सप्लाई में समस्या तथा नलों में कम प्रेशर से पानी आने की शिकायत कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत की। इस पर कलेक्टर ने नगर पालिका सीएमओ नर्मदापुरम को निर्देशित किया कि वार्ड में टीम भेजकर पेयजल लाइन की जांच कराई जाए तथा आवश्यक कार्रवाई करते हुए पेयजल आपूर्ति निरंतर एवं सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाए। इसी दौरान वार्डवासियों ने सड़क मरम्मत की समस्या भी बताई। कलेक्टर ने ईई पीडब्ल्यूडी को सड़क का शीघ्र निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए।
नर्मदापुरम निवासी श्रीमती लक्ष्मी ने तकनीकी समस्या के कारण प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ प्राप्त नहीं होने की समस्या बताई। कलेक्टर ने नर्मदापुरम तहसीलदार नगर को निर्देशित किया कि संबंधित तकनीकी समस्या का निराकरण कर पात्र हितग्राही को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।
ग्राम बाबई खुर्द, तहसील इटारसी के ग्रामीणों ने क्षेत्र में विद्युत सप्लाई बाधित होने की समस्या से अवगत कराया। कलेक्टर ने विद्युत विभाग के उपस्थित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति की जांच करने तथा विद्युत आपूर्ति सुचारू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति जैसी आवश्यक सेवाओं से संबंधित शिकायतों में विभागीय अधिकारी गंभीरता से कार्यवाही करते हुए तत्काल समस्या का समाधान सुनिश्चित करें।
जनसुनवाई में सिवनी मालवा निवासी श्री महेश लोवंशी ने कृषि भूमि पर आने-जाने के रास्ते में अवैध अतिक्रमण एवं कब्जे की शिकायत प्रस्तुत की। कलेक्टर ने तहसीलदार सिवनी मालवा को मौका स्थल का निरीक्षण कर जांच करने तथा अवैध अतिक्रमण पाए जाने पर तत्काल हटाने के निर्देश दिए। साथ ही एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई का पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार ग्राम रामपुर निवासी श्रीमती मथरिया बाई ने विधवा पेंशन प्राप्त नहीं होने की समस्या रखी। कलेक्टर ने सीईओ जनपद पंचायत नर्मदापुरम को आवेदिका के दस्तावेजों की जांच कर पात्रता के अनुसार विधवा पेंशन योजना का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान कलेक्टर ने कई प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर मौके पर ही निराकरण कराया, वहीं शेष मामलों में समय-सीमा तय करते हुए अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जनसुनवाई में दोबारा न आना पड़े। उन्होंने सख्त निर्देशित किया कि आवेदनों के निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री राजेश शुक्ला ने भी नागरिकों की समस्याएं सुनी। इस अवसर पर सभी विभागीय अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त आवेदनों में निर्धारित की गई समय सीमा के अनुरूप आवेदकों की समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि जनसुनवाई में अधिक समय से लंबित आवेदनों में अब तक कार्यवाही न करने पर संबंधित विभागीय अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

