

नर्मदापुरम / सेवा भारती के नवनियुक्त नगर अध्यक्ष राजा तिवारी ने सोमवार को नगर अध्यक्ष पद का पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण के अवसर पर उन्होंने सिवनी मालवा में रक्षाबंधन का पर्व अनोखे अंदाज में मनाते हुए छात्रावास में अध्ययनरत नन्ही बालिकाओं से अपनी कलाइयों पर राखी बंधवाई। इस दौरान उन्होंने बालिकाओं को नए कपड़े, पुस्तकें, कॉपियां, पेन और पेंसिल भेंट की।
नगर अध्यक्ष राजा तिवारी ने कहा कि सेवा भारती सदैव समाजहित और सेवा के कार्यों के लिए समर्पित रही है। इसी क्रम में पदभार ग्रहण करते ही पहली शुरुआत छात्रावास की बहनों से रक्षा का धागा बंधवाकर की गई है। उन्होंने बालिकाओं को भरोसा दिलाते हुए कहा कि वे सदैव उनके भाई के रूप में उनके साथ खड़े रहेंगे और हरसंभव सहयोग करेंगे।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष रितेश जैन, पूर्व जनपद अध्यक्ष मृगेंद्र सिंह मंडलोई, पूर्व जिला अध्यक्ष संतोष पारीख, एसडीएम विजय राय, थाना प्रभारी सुधाकर बारस्कर, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन अध्यक्ष डॉ. प्रवीण पणिकर, समाजसेवी सचिन माहेश्वरी, पंकज सोनी, एल्डरमैन पार्षद अभिषेक सोनी, अधीक्षिका रजनी वर्मा, वार्डन अर्चना मेहरा सहित अन्य उपस्थित रहे, कार्यक्रम का संचालन अनिल सोनी ने किया ।

