

नर्मदापुरम / सावन की भक्ति और भगवान भोलेनाथ के जयकारों के बीच कल नर्मदापुरम से भव्य टपकेश्वर महादेव कावड़ यात्रा निकलेगी। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। सुबह से ही सेठानी घाट पर धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू होगा और मां नर्मदा के पवित्र जल से कावड़ भरकर श्रद्धालु टपकेश्वर महादेव के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए प्रस्थान करेंगे।
यात्रा का शुभारंभ कल सुबह 11 बजे सेठानी घाट से होगा। लगभग 30 किलोमीटर की यह धार्मिक यात्रा नर्मदापुरम से प्रारंभ होकर जयस्तंभ चौक, सतरस्ता, गैरेज लाइन ब्रिज, भोपाल चौराहा, बुधनी होते हुए ग्राम बांया, जिला सीहोर स्थित टपकेश्वर महादेव तक पहुंचेगी। अगले दिन श्रद्धालुओं द्वारा भगवान टपकेश्वर महादेव का पवित्र नर्मदा जल से जलाभिषेक किया जाएगा।
यात्रा के दौरान “बोल बम”, “हर हर महादेव” के जयघोष से पूरा मार्ग भक्तिमय नजर हो जाएगा। यात्रा में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजकों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भोजन-प्रसादी, विश्राम तथा महिलाओं के लिए वाहन व्यवस्था सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
इस धार्मिक यात्रा में पं. मुकेश तिवारी कथा व्यास, सुश्री प्रभुता व्यास कथावाचिका एवं आचार्य पंडित संजय दुबे का विशेष सान्निध्य रहेगा। इनके साथ श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ की भक्ति में शामिल होकर यात्रा को भव्य स्वरूप प्रदान करेंगे।
यात्रा के संयोजक सत्या चौहान ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं, माताओं-बहनों और युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कावड़ यात्रा में शामिल होकर भगवान टपकेश्वर महादेव का आशीर्वाद प्राप्त करें और यात्रा को सफल बनाएं।
श्री राम रक्षा सेना एवं एक पहल संस्था, नर्मदापुरम द्वारा आयोजित इस यात्रा को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान अनुशासन एवं धार्मिक मर्यादा बनाए रखने तथा आपसी सहयोग के साथ यात्रा में सहभागी बनने की अपील की है।

