
सोहागपुर / दिनांक 26.09.2025 को फरियादिया जमना बाई पति गेंदालाल पाली ने थाना सोहागपुर में उपस्थित होकर इस आशय की रिपोर्ट दर्ज कराई कि मोहल्ले में बाहर से आए तीन अज्ञात व्यक्तियों ने धमकाकर एवं धोखाधड़ी पूर्वक आवेदिका से पायल लेकर साफ करने के बहाने ठगी की एवं फरियादिया द्वारा जांच कराने पर वजन कम होना पाया गया। जिसकी सूचना फरियादिया द्वारा तत्काल थाना पहुंचकर दी गई। प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एस थोटा द्वारा त्वरित कार्रवाई करने हेतु थाना प्रभारी सोहागपुर को निर्देशित किया गया। फरियादिया के बताए अनुसार तीन व्यक्ति जो कि बाहर के लग रहे थे घर के सामने आए और पाउडर फ्री में देने की बात कहकर धोखे से फरियादी की पायल को उसके बर्तन में पानी के पाउडर एवं अन्य पदार्थ डालकर साफ करने लगे। इसके बाद पायल में से भारी धुआं निकलने लगा। जिसे देखकर फरियादिया द्वारा उनसे आधार कार्ड के संबंध में पूछने पर गुमराह करने लगे एवं वहां से भागने का प्रयास करने लगे। इसके पश्चात फरियादिया द्वारा जांच कराने पर पाया कि पायल का वजन आधा रह गया है। उक्त मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी सोहागपुर द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए आरोपियों के हुलिया, तकनीकि साक्ष्यों एवं मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर एक आरोपी विष्णु कुमार पिता लाल शाह 18 वर्ष निवासी मुंगेर को गिरफ्तार किया गया। जिससे पूछताछ करने पर अन्य दो आरोपी 01. सनी कुमार पिता महेश प्रसाद उम्र 18 साल निवासी मुंगेर, बिहार 02. शंकर कुमार पिता बबलू शाह निवासी भागलपुर, बिहार को भी गिरफ्तार कर थाना सोहागपुर में अपराध क्र. 545/25 धारा 318(4), 3 (5) बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। उक्त आरोपियों से सघन पूछताछ जारी है, चूंकि यह अपराध संगठित प्रवृत्ति का है आरोपियों द्वारा सोना, चांदी एवं गहने साफ करने के नाम पर लोगों को ठगा जाता है पूछताछ के माध्यम से बड़े गिरोह का खुलासा होने की संभावना है। पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम साई कृष्णा एस. थोटा के मार्गदर्शन, अति. पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के निर्देशन एवं एसडीओपी सोहागपुर संजू चौहान के पर्यवेक्षण में, थाना प्रभारी सोहागपुर उषा मरावी एवं थाना प्रभारी कोतवाली कंचन सिंह के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई। उक्त प्रकरण में थाना प्रभारी सोहागपुर उषा मरावी, थाना प्रभारी कोतवाली कंचन सिंह, उनि. आकाशदीप पचाया, उनि. विशाल नागवे, प्र. आर. हेमंत चौधरी, आर. सुनील ओझा एवं आर. पंकज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

